लखनऊ: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रही मुख्य आरोपी और 25 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे की लोकेशन नेपाल में ट्रेस होने से सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच के दौरान नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन के दो अहम सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि दुबे और साथी आदिल के साथ साफ तौर पर दिखाई दे रही है।
नेपाल के महीम नगर बस स्टेशन पर दिखा तीनों का मूवमेंट
सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हत्याकांड के बाद फरार चल रहे तीनों आरोपियों की आखिरी लोकेशन नेपाल के महीम नगर में मिली है। फुटेज में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और दोस्त आदिल सड़क पार करके बस स्टेशन के भीतर जाते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, तीनों ने वहां एक रात बिताई और अगली सुबह बस पकड़कर अन्य स्थान के लिए निकल गए। हालांकि, जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, वे एक बार फिर चकमा देकर फरार हो चुके थे।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि श्रद्धा का नेटवर्क बेहद मजबूत है और उसे पुलिस की हर गतिविधि की अंदरूनी जानकारी समय से पहले मिल रही है।
सीतापुर से लखीमपुर और फिर नेपाल बॉर्डर तक फिल्मी सफर
श्रद्धा दुबे के भागने की यह पूरी पटकथा किसी फिल्मी ड्रामे से कम नहीं है। पुलिस जब उसे पकड़ने के लिए सीतापुर पहुंची, तो वह वहां से पहले ही निकल चुकी थी। इसके बाद उसकी लोकेशन लखीमपुर खीरी में ट्रेस हुई, लेकिन वहां भी पुलिस के हाथ केवल खाली हाथ लगे। पुलिस को लगातार गच्चा देते हुए तीनों सीधे भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रुपईडीहा पहुंच गए। पुलिस ने सोमवार को बॉर्डर के पास एक प्राइवेट पार्किंग से श्रद्धा की स्कॉर्पियो कार लावारिस हालत में बरामद की थी, जिसके बाद यह साफ हो गया कि वे पैदल ही बॉर्डर पार कर नेपाल में दाखिल हो चुके हैं।
सोशल मीडिया पर बढ़ रहे फॉलोअर्स और ऋषभ राय से कनेक्शन
एक तरफ जहां पुलिस इन आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर इनका ट्रेंड भी चर्चा का विषय बना हुआ है। मर्डर केस सामने आने के बाद जहां श्रद्धा दुबे के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 141K से बढ़कर 142K हो गए हैं, वहीं उसकी बहन रश्मि की प्रोफाइल पर भी लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि श्रद्धा अपना ब्लैकमेलिंग का टार्गेट पूरा करने के बाद लगातार अपने मोबाइल नंबर बदलती थी और अब तक वह चार बार नंबर बदल चुकी है।
इस बीच, मृतक शिवा शर्मा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि रसूख के चलते मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हो रही है। इस मामले में श्रद्धा दुबे की अलीगंज के 25 हजार के इनामी बदमाश ऋषभ राय के साथ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसकी शिवा को धमकी देने वाली ऑडियो पहले ही सामने आ चुकी है।
पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या शिवा की हत्या के तार ऋषभ द्वारा दी गई धमकियों और श्रद्धा के साथ उसकी करीबियों से जुड़े हैं या नहीं। फिलहाल, पुलिस की टीमें नेपाल और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, और गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरी वारदात की असली परतें खुल सकेंगी।
- लखनऊ में बरेली के जिला सूचनाधिकारी की बहन की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप - October 15, 2026
- पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने की अपनी नई पार्टी ‘जननीति भारत’ की घोषणा, राजनीति में बड़े बदलाव का किया दावा - October 15, 2026
- न्याय विश्वास फाउंडेशन: अनिकेत निकम की पहल से ग्रामीण महाराष्ट्र में 5,000+ नागरिकों तक पहुँच - October 15, 2026