पूर्वी यूपी का इनामी शार्प शूटर वाहिद अंसारी मुठभेड़ में ढेर: गाजीपुर से गोरखपुर तक फैला था खौफ, अवैध असलहों की तस्करी में भी था शामिल

Crime

अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात सुपारी किलर वाहिद अंसारी मारा गया. पुलिस के मुताबिक, वाहिद अंसारी बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था. उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. इस मुठभेड़ में अकबरपुर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव भी घायल हो गए.

शिव बाबा धाम के पास हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिव बाबा धाम के पास पुलिस की ओर से बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस बैरियर पार कर भागने की कोशिश करने लगे. पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में वाहिद अंसारी घायल हो गया. वहीं उसका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा. घायल वाहिद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस अधीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान अकबरपुर कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी एसओजी टीम के साथ मौके पर मौजूद थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई.

बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा था वाहिद

पुलिस के अनुसार, वाहिद अंसारी मूल रूप से गाजीपुर जिले के बहरियाबाद का रहने वाला था. वह बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था. पुलिस का आरोप है कि वह पूर्वी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई करने के साथ सुपारी लेकर हत्या की वारदातों में भी शामिल था. उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 35 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं. इसके अलावा वह गोरखपुर के कैंट थाने में दर्ज एक मामले में भी वांछित था.

फरार साथी की तलाश में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक कानूनी दिशानिर्देश दिए। पुलिस की कई टीमें फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सघन चेकिंग अभियान (Combing Operation) चला रही हैं। इसके अतिरिक्त वाहिद अंसारी के आपराधिक नेटवर्क और उसके मददगारों की कुंडली खंगाली जा रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh