“320 सीटें मिलने के बाद सीएम कौन बनेगा?”: पवन खेड़ा ने सीएम योगी के बयान पर कसा तंज

POLITICS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी चरम पर पहुंच गई है। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 320 से अधिक सीटें मिलने के किए गए दावे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने करारा और तीखा तंज कसा है।

पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री के इस आंकड़े पर सवाल उठाते हुए चुटकी ली और कहा कि क्या बीजेपी को सिर्फ 320 सीटें ही मिलेंगी? क्या वे अपनी पुरानी घोषणाओं से 100 सीटें कम नहीं बता रहे हैं? इसके साथ ही उन्होंने सवाल दागा कि सीटें मिलने के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा?

“हिंदू वोट कटे तो 320 सीटें कैसे आ रहीं, क्या कोई समझौता हुआ?”

पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण (SSR-2027) के दौरान लगाए गए उन आरोपों का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने हिंदुओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने की बात कही थी।

​पवन खेड़ा ने हमला बोलते हुए कहा ​”एक तरफ तो मुख्यमंत्री आरोप लगा रहे हैं कि साजिश के तहत हिंदुओं के वोट काटे जा रहे हैं, और दूसरी तरफ वे दावा कर रहे हैं कि बीजेपी को 320 सीटें मिलने जा रही हैं। अगर वाकई बड़े पैमाने पर वोट काटे गए हैं, तो फिर बीजेपी 320 सीटें कैसे जीत रही है? इसका सीधा मतलब तो यही निकलता है कि पर्दे के पीछे कोई अंदरूनी समझौता हो चुका है और उन्हें (बीजेपी को) पहले से ही नतीजा मालूम है कि आगे क्या होने वाला है।”

वोटर लिस्ट विवाद के बीच गरमाई यूपी की राजनीति

कांग्रेस नेता का यह पलटवार ऐसे समय में आया है जब राज्य में नई ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद से ही पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग जारी है। एक तरफ जहां सत्ता पक्ष voter list में गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े के आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) चुनाव आयोग के आंकड़ों और बीजेपी के चुनावी दावों के विरोधाभास को हथियार बनाकर सरकार को घेर रहे हैं। पवन खेड़ा के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में 2027 के चुनाव को लेकर बहस और ज्यादा तेज हो गई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh