​चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती पर आगरा में किसानों की हुंकार: टोरेंट पावर के बिजली बिल और भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आर-पार का संकल्प

PRESS RELEASE

​आगरा: भारतीय किसान यूनियन (BKU) की ओर से मंगलवार को किसान मसीहा और महान किसान नेता महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती अत्यंत श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर फतेहाबाद रोड स्थित बमरौली कटारा के गायत्री गोपाल गार्डन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों और मजदूरों के सम्मान तथा उनके मौलिक अधिकारों की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और महात्मा टिकैत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

संगठन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने शिरकत की।

​’किसानों के जीवन का प्रेरणास्त्रोत हैं टिकैत के विचार’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने कहा कि महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत एक दिव्य और ओजस्वी आत्मा थे, जिन्होंने देश के करोड़ों किसानों, मजदूरों और शोषितों को सिर उठाकर सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में समर्पित कर दिया। उनके विचार, सिद्धांत और संघर्ष आज भी देश के हर किसान आंदोलन के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में देश को उनके बताए मार्ग और पदचिह्नों पर चलने की सख्त आवश्यकता है।

टोरेंट पावर के बिलों और भूमि अधिग्रहण पर फूटा गुस्सा

रणवीर सिंह चाहर और जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने संयुक्त रूप से मीडिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दो टूक कहा कि महात्मा टिकैत के पदचिह्नों पर चलते हुए भारतीय किसान यूनियन किसानों और मजदूरों के हक की हर लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से लड़ेगी।

उन्होंने आगरा क्षेत्र में एक बड़ा मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान में टोरेंट पावर द्वारा किसानों पर थोपे जा रहे अनाप-शनाप और भारी-भरकम विद्युत बिलों का मामला बेहद गंभीर है, जिसका समाधान तुरंत कराया जाना चाहिए। इसके अलावा, किसानों की जमीनों के अधिग्रहण से जुड़े तमाम लंबित मामलों का भी त्वरित निस्तारण होना अनिवार्य है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक किसानों को उनका पूरा हक और न्याय नहीं मिल जाता, तब तक भाकियू का संघर्ष पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।

नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि महात्मा टिकैत की जयंती केवल उन्हें याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन और संघर्ष में उतारने का दृढ़ संकल्प लेने का अवसर है। संगठन देश के गांव, जल, जंगल, जमीन और किसानों-मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर डटा रहेगा।

​ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता तांती राम जादौन, जिला प्रमुख महासचिव कृपाल सिंह फौजदार, युवा प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, जिला महासचिव सत्यवीर सिंह चाहर, प्रदेश प्रचार मंत्री गिर्राज सिंह नौहवार, नवनियुक्त तहसील अध्यक्ष एत्मादपुर प्रकाश कुमार, नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) राधा नौहवार, किशनवीर सिंह, रविंद्र सिंह, तहसील अध्यक्ष किरावली अर्जुन सिंह छोकर, तहसील अध्यक्ष सदर रणजीत सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष रणजीत सिंह रघुवंशी, सुधीर कुलश्रेष्ठ, जिला सचिव राजवीर सिंह, दरोगा, ब्लॉक अध्यक्ष बरौली अहीर हरेंद्र सिंह जसावत, अंशुल सिंह, जयकिशन कटारा, चंद्र भान सिंह यादव और दाताराम यादव सहित भारतीय किसान यूनियन के तमाम पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh