आगरा में शिक्षक एमएलसी आकाश अग्रवाल का भव्य अभिनंदन: 51 किलो की माला, चांदी का मुकुट और तलवार भेंट कर किया स्वागत

स्थानीय समाचार

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में शिक्षक एमएलसी चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद विधान परिषद सदस्य (MLC) आकाश अग्रवाल के सम्मान और नागरिक अभिनंदन का सिलसिला अनवरत जारी है। इसी क्रम में ‘अग्रवाल संगठन सेवला, बुंदू कटरा’ के तत्वावधान में बुंदू कटरा स्थित अग्रधाम सेवा सदन में एक भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान एमएलसी आकाश अग्रवाल को 51 किलो की विशाल पुष्पमाला पहनाकर, सिर पर चांदी का मुकुट सजाकर और हाथ में तलवार भेंट कर उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा परिसर महाराजा अग्रसेन के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

समारोह का औपचारिक शुभारंभ एमएलसी आकाश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत संगठन के पदाधिकारियों और वैश्य समाज के प्रबुद्ध जनों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।

संगठन के संरक्षक भगवान दास बंसल एवं अध्यक्ष दिनेश बंसल ने आकाश अग्रवाल के सिर पर पारंपरिक जीत की पगड़ी सजाकर उन्हें चुनावी सफलता की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वहीं दिनेश अग्रवाल, रमेशचंद मित्तल और संजय सिंघल ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका अभिनंदन किया, जबकि डॉ. सुरेश चंद सिंघल एवं सुशील कुमार अग्रवाल ने उन्हें स्मृति स्वरूप तलवार भेंट की।

​वैश्य समाज की पहचान पुरुषार्थ और दानशीलता से: एमएलसी आकाश अग्रवाल

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी आकाश अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार जताया। श्रीमद्भागवत गीता के उपदेशों का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा, “गीता का स्पष्ट संदेश है कि मनुष्य को केवल अपना कर्म करते रहना चाहिए, फल ईश्वर के हाथ में होता है। वैश्य समाज की मुख्य पहचान उसके पुरुषार्थ, धर्मपरायणता और दानशीलता से है। यह समाज सदैव राष्ट्र सेवा, जनहित और परोपकार के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता आया है।”

​उन्होंने वैश्य समाज की गौरवशाली परंपरा को रेखांकित करते हुए दानवीर भामाशाह का उल्लेख किया, जिन्होंने देशहित में अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। आकाश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के विचारों का जिक्र करते हुए आगे कहा कि समाजवाद, समानता और परस्पर सहयोग की भावना को स्थापित करने में अग्रसेन जी का अतुलनीय योगदान रहा है। उनके सिद्धांत आज भी समाज को एकता और सेवा का मार्ग दिखाते हैं।

​संगठन की सामाजिक गतिविधियों को किया रेखांकित

इससे पूर्व कार्यक्रम में संदीप मित्तल एवं राजेश मित्तल ने मंचासीन अतिथियों का भावभीना स्वागत किया। उन्होंने संगठन द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि संगठन समाज को एकजुट रखने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय रहता है। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने आकाश अग्रवाल को एमएलसी पद पर विजयी होने की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और यशस्वी राजनीतिक भविष्य की कामना की।

​कार्यक्रम का कुशल और मंच संचालन एडवोकेट दिनेश अग्रवाल तथा जगदीश मित्तल ने संयुक्त रूप से किया। इस गरिमामय अवसर पर एमएलसी आकाश अग्रवाल के पूज्य पिता, उनके भाई सीपी अग्रवाल, सतीश गर्ग, संजीव मित्तल, शुभम सिंघल, अनिल मित्तल, डॉ. सुरेश चंद सिंघल, दीनदयाल मित्तल, राकेश गोयल, चंद्रमोहन जिंदल, रमेशचंद मित्तल, राजेश बंसल, अशोक गोयल, मनमोहन गोयल सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh