आगरा में राजस्थान बॉर्डर के पास बड़ी वारदात: हथियारों के बल पर युवक से बाइक, मोबाइल और नकदी लूटी; बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Crime

​आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के इरादतनगर थाना क्षेत्र में राजस्थान बॉर्डर के नजदीक एक सनसनीखेज लूटपाट की घटना सामने आई है। शुक्रवार देर शाम हथियारों से लैस तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिल्ली से धौलपुर लौट रहे एक युवक को रास्ते में घेर लिया और तमंचे के बल पर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग और नकदी लूटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पीड़ित युवक सहम गया। उसके शोर मचाने पर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर चंपत हो चुके थे।

दिल्ली से बाइक से घर लौट रहा था पीड़ित

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के धौलपुर जिले के गन्हेंदी गांव निवासी दीवान सिंह दिल्ली में काम के सिलसिले में थे और शुक्रवार को अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे जब वह इरादतनगर क्षेत्र में डूडीपुरा गांव से पहले रेहना वाली माता मंदिर के पास (कच्छपुरा गांव के सामने बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप) पहुंचे, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। बदमाशों ने हथियारों के बल पर उन्हें रोक लिया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की।

ग्रामीणों के पहुंचने से पहले भागे बदमाश

घटना के बाद पीड़ित दीवान सिंह ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों और घरों से ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश पीड़ित की बाइक, मोबाइल और अन्य सामान लेकर राजस्थान सीमा की तरफ फरार हो चुके थे।

​सूचना मिलते ही इरादतनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का मुआयना किया और बदमाशों की धरपकड़ के लिए सीमावर्ती रास्तों पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस खंगाल रही सुराग, बढ़ाई गई चौकसी

घटना के बाद से राजस्थान बॉर्डर से सटे इस ग्रामीण इलाके में राहगीरों और स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सुनसान रास्तों पर इस तरह की वारदातें सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश स्थानीय थे या फिर पड़ोसी राज्य से आकर फरार हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh