आगरा के बाह सीएचसी में हंगामा: हाथ का एक्सरे कराने पहुंची महिला से अस्पताल परिसर में भिड़ा पति, हाथापाई का वीडियो वायरल

Crime

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब हाथ की चोट का एक्सरे कराने पहुंची एक महिला का उसके पति के साथ किसी बात को लेकर भयंकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच अस्पताल परिसर में ही हाथापाई शुरू हो गई। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बाह क्षेत्र के अमाही गांव निवासी बबली और उसके पति विजय कुमार से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि बबली अपने हाथ में लगी चोट का इलाज कराने और उसका एक्स-रे करवाने के लिए सीएचसी बाह पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति विजय कुमार भी वहां आ पहुंचा। दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते विवाद हाथापाई में तब्दील हो गया। अस्पताल परिसर में मचे इस बवाल को वहां मौजूद लोगों ने अपनी आंखों से देखा, जबकि किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

पहले से दर्ज है पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला

पीडि़ता बबली के मुताबिक, उसकी शादी करीब 15 साल पहले विजय कुमार के साथ हुई थी। महिला का गंभीर आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। तंग आकर उसने अपने पति विजय कुमार, सास मालती देवी और ननद रजनी के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न व मारपीट का मामला दर्ज कराया था। यह मामला कोर्ट और थाने में विचाराधीन है, जिसके बाद से बबली अपने मायके में रह रही है। महिला का कहना है कि इसी पुराने दर्ज मुकदमे को वापस लेने और राजीनामा (कंप्रोमाइज) करने के लिए उसका पति लगातार उस पर भारी दबाव बना रहा था।

भाई के साथ ससुराल जाने पर हुआ था विवाद

बबली ने इससे पहले की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि बीते 29 जुलाई को वह अपने भाई शिशुपाल के साथ अपनी ससुराल गई थी। उसका आरोप है कि वहां उसके पति विजय कुमार के अलावा सास मालती देवी, ननद रजनी और देवर कृष्ण ने मिलकर उनके साथ लाठी-डंडों व मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। इसी पुराने और गहरे पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच तनातनी लगातार बनी हुई थी। इसी कड़ी में जब बबली अपने हाथ की चोट का एक्सरे कराने बाह सीएचसी पहुंची, तो वहां पहले से ही घात लगाए बैठे पति के साथ उसका फिर से विवाद हो गया।

अस्पताल का वीडियो हुआ वायरल, पुलिस जांच शुरू

सीएचसी के भीतर पति-पत्नी के बीच हुई इस हाथापाई और हंगामे को वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों ने अपनी मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। सोशल मीडिया पर यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। हालांकि, इस वायरल वीडियो में दिख रहे पूरे घटनाक्रम और विवाद की मूल वजह की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही पूरी तरह से साफ हो सकेगी।

एसीपी बाह बोले- शिकायत मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई

इस पूरे मामले में एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को इस संबंध में जैसे ही विधिवत शिकायत प्राप्त होगी, वैसे ही पूरे मामले की गहराई से जांच कराई जाएगी। पुलिस अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों, वायरल वीडियो और घटनास्थल के तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh