लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार सदन में हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। यही दिन उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में सर्वदलीय बैठक में विपक्षी दलों से सहयोग का अनुरोध किया गया है।
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत सभी दलों के नेताओं ने दिवंगत सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। सदन में उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कफ सिरप कांड और एसआईआर को लेकर हंगामे के संकेत
सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों द्वारा कोडीन कफ सिरप की तस्करी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर हंगामा किए जाने के आसार हैं। इसके साथ ही वंदे मातरम पर प्रस्तावित चर्चा का भी विरोध किया जा सकता है।
इसी कड़ी में सपा के विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा ने कफ सिरप कांड को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के बावजूद दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे मामलों में बुलडोजर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सत्र के दौरान इन मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के संकेत हैं।
- आगरा के SN मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का कमाल: चार वर्षीय मासूम की भोजन नली में पांच दिन से फंसे ₹5 के सिक्के को एंडोस्कोपी से निकाला बाहर - September 19, 2026
- फतेहपुर सीकरी में श्मशान घाट को लेकर उपजा विवाद: टीन शेड डलवाने को लेकर हुए धरने-प्रदर्शन के बाद सांसद राजकुमार चाहर के हस्तक्षेप से निकला समाधान - September 19, 2026
- महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा: आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से जूतों के सोल में छिपाकर निकाले गए थे प्रश्नपत्र, 3500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल - September 19, 2026