भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार को इंदौर में होने वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच से आराम दिया गया है। भारतीय टीम के गुवाहाटी में रविवार को सीरीज अपने नाम करने के बाद कोहली सोमवार की सुबह मुंबई रवाना हो गए। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने कहा,” उन्हें (कोहली) अंतिम टी20 मैच से आराम दिया गया है।”
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम मैच के बाद भारतीय टीम मुंबई जाएगी जहां कोहली टीम से जुड़ेंगे। भारतीय टीम टी20 विश्व कप में खेलने के लिए छह अक्टूबर को मुंबई से ही ऑस्ट्रेलिया के रवाना होगी।
पूर्व भारतीय कप्तान ने रविवार को 28 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली थी। भारत ने यह मैच 16 रन से जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की। कोहली को इससे पहले आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ कैरेबियाई देशों में खेली गई वनडे और टी20 सीरीज से आराम दिया गया था। तब उनको विश्राम दिए जाने पर सवाल उठे थे क्योंकि उस समय वह अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे थे।
कोहली ने इसके बाद स्वीकार किया था कि विश्राम के दौरान उन्होंने बल्ले को छुआ तक नहीं। विश्राम के बाद हालांकि कोहली ने बहुत अच्छी वापसी की तथा एशिया कप में कुछ उम्दा पारियां खेली। इस बीच उन्होंने लगभग तीन साल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक भी लगाया।
दीपक हुड्डा के चोटिल होने के कारण टीम में लिए गए श्रेयस अय्यर को कोहली की जगह अंतिम एकादश में जगह मिल सकती है। एशिया कप से लेकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे मैच तक कोहली ने 10 पारियों में 404 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 141.75 रहा। इस बीच उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाया।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026