बरेली। प्रेमनगर क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में जन्मदिन पार्टी के दौरान हिंदू युवती के साथ मुस्लिम युवकों की मौजूदगी को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए पहले रेस्टोरेंट के बाहर जमकर हंगामा किया और बाद में अंदर घुसकर नारेबाजी भी की। सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया, हालांकि इस दौरान एक मुस्लिम युवक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार प्रेमनगर के एक हॉस्टल में रहने वाली युवती निजी कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। शनिवार को उसका जन्मदिन था, जिसे मनाने के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ प्रेमनगर स्थित ‘दि डेन कैफे एंड रेस्टो’ में पार्टी रखी थी। पार्टी में कुल दस लोग शामिल थे, जिनमें छह युवतियां और चार युवक थे। चार युवकों में से दो—शान और वाकिफ—मुस्लिम समुदाय से थे।
इसी दौरान किसी ने हिंदू संगठनों को सूचना दे दी कि रेस्टोरेंट में हिंदू युवती के साथ मुस्लिम युवक मौजूद हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और लव जिहाद का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती और अन्य लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की। इसी बीच एक मुस्लिम युवक वाकिफ वहां से फरार हो गया।
पूछताछ में युवती ने बताया कि उसकी बुआ प्रेमनगर क्षेत्र में ही रहती हैं। पुलिस ने बुआ और अन्य लोगों के परिजनों को भी थाने बुलाया। प्रारंभ में पुलिस एक मुस्लिम युवक शान और रेस्टोरेंट के स्टाफ शैलेंद्र गंगवार का शांति भंग में चालान करने की तैयारी कर रही थी।
इस बीच जब सीओ प्रथम आशुतोष शिवम को दूसरे युवक के फरार होने की जानकारी मिली तो उन्होंने थाना प्रभारी को फटकार लगाई और फरार युवक की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद प्रेमनगर पुलिस ने दबिश देकर वाकिफ को भी तलाश कर लिया। अंततः रेस्टोरेंट स्टाफ शैलेंद्र गंगवार और दोनों मुस्लिम युवकों शान व वाकिफ का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है और किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026
- यशराज फिल्म्स की नई फिल्म ‘बेपरवाह’ का ऐलान: अहान पांडे और शरवरी की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल - October 27, 2026