नई दिल्ली। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन के नए नियमों को लेकर जनरल कैटेगरी के छात्रों और सवर्ण समाज में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी नई दिल्ली में यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन के मुख्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी संभावित प्रदर्शन को रोकने के लिए परिसर के चारों ओर भारी संख्या में बैरिकेड्स लगाए गए हैं और पुलिस बल तैनात किया गया है।
उत्तर प्रदेश में भी तेज हुआ विरोध
दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लखनऊ, रायबरेली, वाराणसी, मेरठ, प्रयागराज और सीतापुर में भी छात्रों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए। रायबरेली में भाजपा किसान नेता रमेश बहादुर सिंह और गौरक्षा दल के अध्यक्ष महेंद्र पांडेय ने सवर्ण सांसदों को चूड़ियां भेजकर नाराजगी जताई, जिसे विरोध का प्रतीकात्मक संदेश माना जा रहा है।
संभल में बाइक रैली, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
यूपी के संभल जिले में केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने UGC के नए नियमों के खिलाफ मोर्चा खोला। एसोसिएशन के सदस्यों ने काली पट्टी बांधकर बाइक रैली निकाली और नियमों को रद्द करने की मांग की। इस दौरान प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें कहा गया कि नए नियमों से जनरल कैटेगरी के छात्रों के हित प्रभावित होंगे।
सुप्रीम कोर्ट में चुनौती
UGC के नए नियमों के खिलाफ अब कानूनी मोर्चा भी खुल गया है। नियमों को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक नई याचिका दाखिल की गई है। एडवोकेट विनीत जिंदल द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि ये नियम जनरल कैटेगरी के साथ भेदभाव करते हैं और उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन करते हैं।
याचिका में विशेष रूप से रेगुलेशन 3(सी) के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही कोर्ट से आग्रह किया गया है कि 2026 के प्रस्तावित नियमों के तहत तैयार ढांचा सभी जातियों और वर्गों पर समान रूप से लागू किया जाए।
UGC के नए नियमों को लेकर सड़कों से लेकर अदालत तक बढ़ता विरोध यह संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक तूल पकड़ सकता है।
- आगरा में बारिश के बीच बड़ा हादसा: जलभराव में अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में पलटा ऑटोरिक्शा, सवारियों की चीख-पुकार से मचा हड़कंप - August 7, 2026
- आगरा में बारिश से बेहाल जनजीवन: दीवानी कचहरी बनी दरिया, अधिवक्ताओं के चैंबरों में घुसा पानी, वकीलों ने दी आंदोलन की चेतावनी - August 7, 2026
- रांची में छात्र आंदोलन के दौरान स्याही फेंकने वाले शख्स ने लगाया ‘देशद्रोही’ होने का आरोप, कहा- ‘मुझे नेहा बोरा पसंद नहीं क्योंकि वह उमर खालिद का समर्थन करती हैं’ - August 7, 2026