यूपी सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने आगरा के वीर बालक अजय राज निषाद को किया सम्मानित, कहा- सरकार देगी हरसंभव सहयोग

REGIONAL

आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने गुरुवार को आगरा स्थित सर्किट हाउस में बाह क्षेत्र के बासौनी अंतर्गत गांव झरनापुरा निवासी वीर बालक अजय राज निषाद को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके पिता वीरभान को भी सम्मान प्रदान किया गया। मंत्री ने अजय राज को साफा पहनाकर, मेडल व माला अर्पित कर उसके अदम्य साहस की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि वीर बालक अजय राज निषाद ने मगरमच्छ से अपने पिता की जान बचाकर असाधारण साहस का परिचय दिया था। इस अद्वितीय वीरता के लिए उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (वीरता)’ से सम्मानित किया गया है।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि निषाद समाज को इस वीर बालक पर गर्व है और उसकी बहादुरी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आगरा की धरती सदैव वीरता की मिसाल रही है। निषादराज के वंशज अजय राज निषाद ने अपने साहस से इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीर बालक को स्नेह और सम्मान मिलना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।

डॉ. संजय कुमार निषाद ने स्पष्ट किया कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर जाति, वर्ग और धर्म के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। निषाद समाज के बच्चे खेल, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में प्रतिभा और वीरता का परिचय दे रहे हैं तथा पदक जीतकर समाज को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वीर बालक अजय राज निषाद की शिक्षा सहित हरसंभव सहायता सरकार एवं निषाद पार्टी की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने अंत में कहा कि संकट के समय साहस और विवेक से लिया गया निर्णय ही सच्ची वीरता है, जिसकी जीवंत मिसाल वीर बालक अजय राज निषाद ने प्रस्तुत की है।

Dr. Bhanu Pratap Singh