Hathras, Uttar Pradesh, India. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहते हैं- समाजवाद वालों का नाम कुछ है और काम कुछ है। इनका नाम है समाजवाद और इनका काम है तमंचावाद, परिवारवाद और अपना व अपने मित्रों का विकास। श्री दाऊजी महाराज की यह पावन धरती इन्हें बर्दाश्त नहीं करेगी। पहले बिजली चेहरे देखकर मिलती थी और अब सबको निर्बाध बिजली मिल रही है। डबल इंजन की सरकार डबल डोज डबल राशन दे रही है। पहले इत्र वाले मित्र विकास का पैसा समेट कर ले जाते थे और अब गरीब कल्याण व विकास में पैसा लग रहा है। 10 मार्च के बाद उत्तर प्रदेश में फिर से बुलडोजर एक्सप्रेस चलेगी। हाथरस की हींग ठंड से बचाती है। वहीं फालतू की चर्बी भी निकालती है और 20 फरवरी को वोट की चोट से तमाचा मारने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और 325 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बागला इंटर कॉलेज के मैदान में हाथरस सदर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती अंजुला माहौर के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद में तीन जनसभाओं को संबोधित किया। सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक व पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय तथा सिकंदराराऊ में भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह राणा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समाजवादी पार्टी पर बिना नाम लिए ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। कहा कि उनका नाम कुछ और है, काम कुछ और है। नाम है इनका समाजवाद, काम है इनका तमंचावाद, परिवारवाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस की पौराणिक नगरी को श्री दाऊजी महाराज व मां देवकी की नगरी बताते हुए प्रणाम किया। प्रख्यात हास्य कवि पदमश्री काका हाथरसी को भी याद कर उनकी कविताओं के माध्यम से विपक्षी दलों पर व्यंगबाण छोड़े। उन्होंने हाथरस की हींग को लेकर भी कहा कि हाथरस हींग की नगरी है और पूरे विश्व में जानी पहचानी जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवाद वालों के तमंचावाद व परिवारवाद को दाऊजी महाराज की धरती स्वीकार नहीं करेगी। कोसीकला का दंगा हो, या जवाहर बाग कांड हो, उसे कौन भूल सकता है और इनके राज में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी।
उन्होंने कहा कि दुनिया में लाखों लोगों की मृत्यु हो गई, लेकिन भारत में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 के उचित प्रबंध करते हुए जहां तत्काल लॉकडाउन लगाया, वहीं जीवन जीविका को बचाने का काम किया और प्रधानमंत्री ने फ्री में उपचार, फ्री टैस्ट, फ्री वैक्सीन के कार्य तत्काल शुरू कराये और शत-प्रतिशत लोगों को पहली डोज एवं 75 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 मार्च के बाद उत्तर प्रदेश में बुलडोजर एक्सप्रेस फिर से चलेगी और डबल इंजन की सरकार दुगनी रफ्तार से काम करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जनपद की तीनों सीटें जिता कर भेजना है और हाथरस से अंजुला माहौर , सादाबाद से पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय एवं सिकंदराराऊ से वीरेंद्र सिंह राणा को भारी मतों से जिता कर भेजना है। उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान करना और 20 फरवरी को भारी संख्या में मतदान करके उत्तर प्रदेश में 325 से ज्यादा सीटें हम जीतेंगे।
सादाबाद में छाबीमियां के बाग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सादाबाद विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी के लिए जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हर जनपद में एक मेडिकल कॉलेज बन रहा है यह काम पिछली सरकारें भी कर सकती थी लेकिन फुर्सत नहीं, हर तीसरे दिन दंगा महीनों महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था आज दंगाइयों को पता है दंगा करेंगे तो क्या हो जाएगा। दंगाइयों को मालूम है कि सरकार एक हाथ में विकास की छड़ी लेकर चलती है और दूसरे हाथ में बुलडोजर का लेबल भी लेकर चलती है। हर घर नल की योजना के साथ हम अलीगढ़ को भी जोड़ रहे हैं हर घर में आरओ का पानी पाइप के माध्यम से पहुँचने का काम करेंगे। बिना भेदभाव के जो विकास होता है वही विकास सबका साथ सबका विकास होता है।
सुरक्षा के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने देंगे दंगा फसाद करने वालों के साथ भी सख्ती से निपटेंगे।इसीलिए दुनिया का और देश का निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने को उत्सुक है। रामवीर उपाध्याय वरिष्ठ नेता है भारतीय जनता पार्टी ने उनकी लोकप्रियता को देखते हुए अपना प्रत्याशी बनाया है। रामवीर उपाध्याय को भारी बहुमत से जिताने की अपील करने उपस्थित हुआ हूं।
मुख्यमंत्री ने सिकंदराराऊ में नगरपालिका क्रीड़ास्थल पर भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह राणा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बिना किसी भेदभाव के सबका विकास होगा। अपराधी और माफियाओं के प्रति कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन पर बुलडोजर जरूर चलेगा। समाजवादी लोगों की संवेदना माफिया और आतंकियों के प्रति रही है। इनका नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवार वादी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब कचौरा के आयुर्वेद हब को बढ़ावा दिया जाएगा। जिससे यहां का आयुर्वेद हब विस्तार पा सके। कचौरा के आयुर्वेद हब को विकसित करने की आवश्यकता है। सरकार बनने पर कचौरा के आयुर्वेद को नई पहचान दिलाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि जब से चुनाव की आहट आई है विपक्षी दलों के नेता भी आने लगे होंगे। जिनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। इनके ऊपर ही काका हाथरसी ने एक कविता भी बनाई थी। कल यहां सपा के एक नेता कानून व्यवस्था ठीक करने की बात कह कर गए हैं। जिनके कारनामों के कारण कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। जिनके शासन में महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। बहन बेटियां स्वयं को असुरक्षित महसूस करती थी। उनका घर से निकलना दूभर हो गया था। ऐसे नेताओं को कानून व्यवस्था सुधारने की बात नहीं करनी चाहिए। यह लोग एक बार फिर अराजकता फैलाने की फिराक में है। मैं यहां 2017 में कानून व्यवस्था ठीक करने का वादा करके गया था तो बताओ बुलडोजर कैसा चल रहा है। कानून व्यवस्था ठीक हुई या नहीं। जिसकी सोच ईमानदार होगी उसका काम दमदार होगा। अपराधियों के सामने दुम दबाकर भागने वाले लोग कानून व्यवस्था पर नहीं बोल सकते।
योगी आदित्यनाथ ने अहेरिया समाज को साधते हुए कहा कि अहेरिया समाज के साथ कांग्रेस और सपा की सरकारों ने धोखा किया था और उनको उनके अधिकार से वंचित रखा। लेकिन अब भाजपा की डबल इंजन सरकार अहेरिया समाज के साथ न्याय करेगी। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने वोट देने की अपील करते हुए कहा कि जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उनको जीतने के बाद पूरा कराएंगे। सभा का संचालन जिला कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने किया। इस अवसर पर फूल मालाएं तथा पटका पहनाकर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।
- चिन्नास्वामी स्टेडियम हादसे पर बोले CM सिद्धारमैया, कुंभ मेले में भी तो 50-60 लोग मरे थे…10 लाख रुपये मुआवजे की भी घोषणा - June 4, 2025
- बेंगलुरू में आरसीबी की विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़, 11 लोगों की मौत कई घायल - June 4, 2025
- सरकार ने किया एलान, एक मार्च 2027 से शुरू होगी जनगणना, जातियों की भी गिनती - June 4, 2025