फिरोजाबाद। ताजनगरी के पड़ोसी जिले फिरोजाबाद में होली के जश्न के दौरान खलल डालने वाले हुड़दंगियों की पुलिस ने जमकर ‘क्लास’ लगाई। नशे के सुरूर में राहगीरों से अभद्रता करना इन युवकों को इतना भारी पड़ा कि पुलिस ने थाने ले जाकर न केवल उनकी हेकड़ी निकाली, बल्कि उन्हें ‘मुर्गा’ बनाकर उठक-बैठक भी लगवाई। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।
नशे में धुत होकर कर रहे थे हंगामा
मामला थाना दक्षिण क्षेत्र का है, जहाँ कुछ युवक नशे में पूरी तरह धुत होकर सड़क पर उत्पात मचा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये हुड़दंगी आने-जाने वाले राहगीरों पर फब्तियां कस रहे थे और जबरन रंग डालकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आई।
थाने में सिखाया अनुशासन का पाठ
सूचना मिलते ही थाना दक्षिण पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और हंगामा कर रहे सभी युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाने पहुँचते ही पुलिस का सख्त अंदाज देखने को मिला। हुड़दंगियों को लाइन में खड़ा कर ‘मुर्गा’ बनाया गया और उनसे कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई गई। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहार खुशी मनाने के लिए है, अराजकता फैलाने के लिए नहीं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
थाने के भीतर हुई इस कार्रवाई का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते और दोबारा ऐसी गलती न करने की कसम खाते नजर आ रहे हैं। पुलिस की इस “यूनीक” सजा की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है।
पुलिस की दो-टूक: “बख्शे नहीं जाएंगे अराजक तत्व”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्ती जरूरी है। त्योहारों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी कानून हाथ में लेने वालों के साथ इसी तरह की कड़ाई बरती जाएगी।
रिपोर्टर- J P सिंह फिरोजाबाद
- शिवाजी महाराज का शौर्य, आगरा प्रवास और ब्रज की संस्कृति बनेगी आकर्षण: ताज नगरी में छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का 80% निर्माण कार्य पूरा; पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया निरीक्षण - October 16, 2026
- आगरा के दयालबाग में राधास्वामी मत के तृतीय संत परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा 18 अक्टूबर को, देश-विदेश से पहुंच रहे सतसंगी - October 16, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा को लेकर सियासत गरमाई, जटपुरा लोहामंडी मंदिर कमेटी ने पार्षदों के सभी आरोपों को साक्ष्यों के साथ नकारा - October 16, 2026