bhanu Pratap singh

केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री बनने के बाद प्रो. एसपी सिंह बघेल का पहला इंटरव्यू, लॉ यूनीवर्सिटी के सवाल पर मिला ये जवाब, देखें वीडियो

HEALTH NATIONAL POLITICS PRESS RELEASE REGIONAL साक्षात्कार

आगरा लोकसभा क्षेत्र के लोगों से मिलने की हूक उठ रही, जलेसर मेरे दिल में

सिविल एयरपोर्ट और बैराज के लिए शपथ से एक दिन पहले मुख्यमंत्री से मिला

मंत्री बनने से स्वभाव, कपड़े-लत्तों, व्यवहार, गाड़ी-घोड़ा, एटीट्यूट में परिवर्तन नहीं

यमुना में पानी होने से लखनऊ की तरह रिवर फ्रंट बनेगा, पर्यटन विकास होगा

डॉ. भानु प्रताप सिंह, संपादक

New Delhi, Capital of India. केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री बनने के बाद भी प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल पूर्व की तरह सामान्य हैं। हां, व्यस्तता अधिक हो गई है। नई दिल्ली में के. कामराज मार्ग स्थित उनके निवास पर स्वागत करने वालों का तांता लगा हुआ है। साक्षात्कार लेने के लिए पत्रकार भी पहुंच रहे हैं, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिल रही है। मंत्री बनने के आठ दिन बाद पहला साक्षात्कार ‘जनसंदेश टाइम्स’ को दिया। उन्होंने साफ कहा कि वे आगरा के विकास के लिए चिन्तित हैं। मैं मंत्री बन गया हूं तो मेरे स्वभाव, कपड़े-लत्तों, व्यवहार, गाड़ी-घोड़ा, एटीट्यूट में परिवर्तन नहीं आएगा। आगरा में रहूंगा तो पहले की तरह सबसे मिलूंगा। अपने क्षेत्र के लोगों से मिलने की हूक उठ रही है। प्रस्तुत हैं नई दिल्ली में हुई बातचीत के मुख्य अंश-

डॉ. भानु प्रताप सिंहः मंत्री के रूप में आपसे क्या अपेक्षा की जा सकती है?
प्रो. एसपी सिंह बघेलः सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट करना चाहूंगा। उन्होंने मुझसे जो अपेक्षाएं की हैं, उन्हें निष्ठा, लगन, मेहनत और ईमानदारी से पूरी करूंगा। आगरा के लोगों को अपेक्षाएं करना स्वाभाविक है और उन्हें पूरा करने का प्रयास करेंगे।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आगरा की समस्या पेयजल, यमुना, बैराज की है। इस बारे में केन्द्रीय मंत्री के रूप में क्या करेंगे?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः यह चांस की बात है कि सात जुलाई को केन्द्रीय मंत्री के रूप में शपथ हुई और छह तारीख को शाम छह बजे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिलने का समय दिया था। उनसे आगरा की समस्याओं पर चर्चा हुई। सिविल एयरपोर्ट की जमीन में पेंच फँसा है। महाराज सिंह लोधी की 90 फीसदी जमीन अधिगृहीत हो गई है। एक किसान की जमीन का बीच का हिस्सा लिया है। उसे खेती करने के लिए छह किलोमीटर घूमकर आना होगा। किसान चाहता है कि पूरी जमीन लें। इसके लिए किसान को 7-9 करोड़ रुपये अतिरिक्त देना होगा। मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पूरी जमीन अधिग्रहीत करा दें। भूजल का गिरता स्तर आगरा ही नहीं, देश-प्रदेश के लिए चिन्ता का विषय है। आगरा बैराज कहां बने, यह जल विशेषज्ञ तय करेंगे। आगरा के 15 में से 14 ब्लॉक डार्क हैं। यमुना के किनारे वाले खंदौली, एत्मादपुर, शमसाबाद, फतेहाबाद, पिनाहट, बरौली अहीर आदि ब्लॉक भी शामिल हैं। बैराज बनने से आगरा का भूजल स्तर ठीक होगा। वाटर स्पोर्ट्स हो सकता है। ताजमहल को सुरक्षित रखने के लिए भी यमुना में पानी जरूरी है क्योंकि ताज की नीव लकड़ी आधारित है, जिसे नमी चाहिए। लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट की तरह यमुना रिवर फ्रंट बनने से पर्यटन विकास होगा।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आगरा के विकास में आ रही समस्त बाधाएं दूर हो जाएंगी, ऐसा विश्वास किया जा सकता है?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः विकासशील देश है। विकास सतत प्रक्रिया है। संविधान के नियमों का पालन करते हुए यथाशक्ति जितना कर सकते हैं, करेंगे। जहां तक विकास की बात है तो सब लोग चाहते हैं कि सर्वांगीण विकास हो।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः मंत्री का प्रोटोकॉल होता है, तो क्या आप आगरा आने पर पहले की तरह लोगों से मिलते रहेंगे?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः यूपी में कैबिनेट मंत्री पहले भी रह चुका हूँ। केन्द्र में मंत्री बनने से न स्वभाव में परिवर्तन आएगा, न कपड़े लत्तों में, न व्यवहार में, न गाड़ी-घोड़े में, न एटीट्यूट में, न एरोगेंसी में। अगर मैं आगरा में हूँ तो अंतिम व्यक्ति से मिलूंगा। आगरा में नहीं हूँ और किसी को इमरजेंसी काम है तो आईटी युग है, संपर्क हो सकता है।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः आप फोन स्वयं उठाते हैं। अब पूरे देश से फोन आ रहे हैं। बहुत व्यस्त हो गया है फोन। कैसे करेंगे?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः मैंने 20-22 साल से नम्बर नहीं बदला है। आप देख रहे हैं आपके सामने ही फोन से बात की है।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः बहुत से कॉल मिस्ड हो जाते हैं, व्यस्तता के कारण रिसीव नहीं कर पाते हैं?
प्रो. एसपी सिंह बघेलः कॉल बैक करते हैं। रात्रि में कॉल बैक करते हैं तो कई लोग नाराज होते हैं।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः परिवार को समय दे पाएंगे क्या?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः परिवार को अब आदत पड़ गई है। मैं हमेशा 18-19 घंटे काम करता हूँ। जनता द्वारा लिखाए गए कार्यक्रमों को अटेंड करता हूं। रात्रि में 12 से 1 बजे के बीच लौटता हूँ। देश बहुत बड़ा है। पूर्वोत्तर का दौरा करने जाएं तो 30 दिन बाद लौटेंगे। अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाना पैशन है। मुझे हूक उठती है। दिल्ली में मेरे 23 रात्रि प्रवास हैं। सदन चलता है तब भी ट्रेन पकड़कर शाम को अपने क्षेत्र में होता था। क्षेत्र का दौरा करने के बाद सुबह ट्रेन से दिल्ली आकर सदन में आ जाता था। मोदी जी ने कह रखा है, इसलिए दिल्ली में हूँ क्योंकि 20 जुलाई से 13 अगस्त तक सदन चलेगा, जिसकी हर मंत्री को तैयारी करनी है। मेरे पास जो विभाग है, उसमें बहुत पढ़ना-लिखना है। कॉमा और फुलस्टाप गलत होने से अर्थ का अनर्थ हो जाएगा।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः जलेसर से आपका राजनीतिक उत्थान हुआ है, क्या वह मंत्री बनने के बाद भी प्राथमिकता में रहेगा?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः जलेसर और एत्मादपुर आगरा लोकसभा का अंग हैं। जलेसर तो दिल में रहता है। जलेसर में जीत की हैट्रिक मारी थी। आगरा से दो घंटा लगातार चलते रहें तो आगरा लोकसभा का अंतिम गांव आएगा। एटा से आठ किलोमीटर पहले हजारा नहर तक आगरा लोकसभा है।


डॉ. भानु प्रताप सिंहः आगरा के बहुत से लोगों को आशा है कि अब आप उन्हें नौकरी से लगवा देंगे?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः मोदी जी और योगी जी ने मंत्रियों की इस परेशानी को हल कर दिया है। सबकी लिखित परीक्षा होगी। केवल रात्रपत्रित अधिकारियों का साक्षात्कार होगा, बाकी का नहीं। परीक्षा की कॉपी भी कंप्यूटर जांचेगा। व्यक्ति के हाथ में कोई नम्बर ही नहीं है। सरकारी नौकरियों के लिए एक ही परीक्षा का प्रावधान कर दिया गया है। सब इंस्पेक्टर का भी साक्षात्कार नहीं होगा।

डॉ. भानु प्रताप सिंहः उत्तर प्रदेश में, आगरा क्षेत्र में लॉ यूनिवर्सिटी खोलने का विचार है क्या?

प्रो. एसपी सिंह बघेलः अपने पद और अधिकारों के अनुसार जो-जो चीज संभव होंगी, वो प्रदेश और देश के लिए करेंगे। लोकसभा क्षेत्र के लिए भी करने का प्रयास करेंगे। फैकल्टी बहुत अच्छी होनी चाहिए, सिर्फ कॉलेज खोलने से काम नहीं चलता। कानून में विशेषज्ञों की राय महत्वपूर्ण है।

इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता दिगम्बर सिंह धाकरे, आगरा स्मार्ट सिटी भारत सरकार के सलाहकार सदस्य राजेश खुराना, नवीन गौतम, गौरव शर्मा, दिल्ली की पूर्व मेयर मीनाक्षी बघेल आदि मौजूद थे।