आगरा। विश्व मंगल परिवार सेवा संस्थान द्वारा महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर में आयोजित तीन दिवसीय ‘श्री राधा माधव रसामृत कथा’ का समापन भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। कथा के अंतिम दिन पूज्य देवी माहेश्वरी श्रीजी (श्री धाम वृंदावन) ने राधा रानी की बाल लीलाओं, विवाह प्रसंग और ठाकुरजी के साथ उनके दिव्य मिलन का ऐसा भावपूर्ण वर्णन किया कि पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया।
राधा विवाह प्रसंग पर गूंजे मंगल गीत
कथा व्यास देवी माहेश्वरी श्रीजी ने राधा रानी की बाल लीलाओं की महिमा बताते हुए कहा कि उनकी प्रत्येक लीला भक्तों को निष्काम प्रेम और समर्पण का मार्ग दिखाती है। कथा के दौरान जब राधा विवाह का प्रसंग आया, तो पंडाल मंगल गीतों और बधाइयों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर इस दिव्य उत्सव का आनंद लिया। पूज्य श्रीजी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, “राधा और कृष्ण का संबंध किसी सांसारिक विवाह जैसा नहीं, बल्कि यह आत्मा और परमात्मा के अलौकिक मिलन का प्रतीक है, जो मानवता को प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है।”
जीव और परमात्मा के एकत्व का प्रतीक
श्रीजी और ठाकुरजी के दिव्य मिलन का वर्णन करते हुए देवी माहेश्वरी श्रीजी ने कहा कि राधा-कृष्ण दो शरीर होकर भी एक ही चेतना हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब मनुष्य अपने भीतर के अहंकार, द्वेष और मोह का पूर्ण त्याग कर देता है, तभी उसे प्रभु की भक्ति और परम आनंद की अनुभूति होती है। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर ‘राधे-राधे’ और ‘श्याम-श्याम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यजमानों और सेवादारों का सम्मान
इस आध्यात्मिक आयोजन के मुख्य यजमान पदमचन्द अग्रवाल एवं रेखा अग्रवाल रहे। दैनिक यजमान के रूप में रामशंकर अग्रवाल, सरिता अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ऋतु अग्रवाल, संजय शर्मा और पिंकी शर्मा ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। साथ ही, कंज्यूमर कोर्ट के अध्यक्ष सर्वेश कुमार, सीताराम अग्रवाल, रामप्रकाश अग्रवाल और गिरीश अग्रवाल ने व्यास पीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया।
संस्थान के अध्यक्ष उमेश कंसल, मंत्री अनिल अग्रवाल, मुख्य संरक्षक मुरारी प्रसाद अग्रवाल एवं अजय गोयल, कोषाध्यक्ष काली चरण गोयल, संयोजक मुकेश चन्द गोयल, मुकेश नेचुरल, किशोर तिवारी और लालता प्रसाद सारस्वत ने कथा की सफलता में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रतिभा जिन्दल ने किया।समापन के अवसर पर हवन, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कथा का विश्राम हुआ। इस दौरान मीरा अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, विमलेश सारस्वत, अनीता नेचुरल, वीना अग्रवाल सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- आप कितने में बिके थे? खुलासा करें, कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने ओम प्रकाश राजभर से किया सीधा सवाल - June 20, 2026
- सियासी संग्राम: राहुल गांधी की परशुराम स्वरूप वाली तस्वीर पर डिप्टी सीएम का हमला, कहा- ‘सनातन विरोधियों को जनता माफ नहीं करेगी’ - June 20, 2026
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव बोले- एक SIT किसी की रिकॉर्ड तोड़ ‘अयोध्या’ यात्राओं की पड़ताल के लिए भी बनानी चाहिए - June 20, 2026