अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में हुई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में लंबे समय से चल रही विपक्ष की मांग के बाद, आखिरकार गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। हालांकि, कानूनी कार्रवाई शुरू होते ही इस मामले ने एक तीखे राजनीतिक मोड़ ले लिया है।
अखिलेश यादव ने लगाए गंभीर आरोप
FIR दर्ज होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने तंज कसा कि, “भाजपा राज में नाइंसाफ़ी की दिखेगी ये झांकी, फुनगी को फाँसी, शाखाओं को मिलेगी माफ़ी!”
अखिलेश यादव ने आगे आरोप लगाया कि यह FIR महज एक दिखावा हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि SIT (विशेष जांच दल) के गठन के बहाने पहले ही तमाम सबूतों को नष्ट कर दिया गया होगा। उन्होंने कहा, “जनता यह मान रही है कि ‘बड़ी मछलियों’ को बचाने और ‘छोटी मछलियों’ को फंसाने की पटकथा पहले ही तैयार कर ली गई है। ऐसा प्रतीत होता है कि जांच से पहले ही निष्कर्ष तय कर लिया गया था और उसी के अनुरूप जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।”
क्या है पूरा मामला?
सूत्रों के अनुसार, राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे के संग्रहण और उसे बैंक में जमा करने की प्रक्रिया में बड़ी वित्तीय गड़बड़ियां सामने आई थीं। SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट में मिले ठोस तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 6 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
लंबे समय से इस मामले में नए-नए दस्तावेज और आरोप सामने आ रहे थे, जिसके कारण मंदिर प्रशासन और सरकार लगातार दबाव में थे। अब ट्रस्ट द्वारा आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद यह मामला पूरी तरह से एक औपचारिक आपराधिक जांच की दिशा में आगे बढ़ गया है।
आगामी दिनों में SIT की जांच और पुलिस की कार्रवाई से यह स्पष्ट होगा कि इस कथित घोटाले के तार कहाँ तक जुड़े हैं और क्या वाकई इसमें शामिल ‘बड़ी मछलियों’ तक कानून की पहुंच हो पाएगी, जैसा कि विपक्ष आरोप लगा रहा है।
- राम मंदिर चढ़ावा विवाद: FIR के बाद सियासी घमासान, अखिलेश यादव बोले- फुनगी को फांसी, शाखाओं को मिलेगी माफ़ी! - June 27, 2026
- पठानों से कहना, चौहान आ रहा है….अजय देवगन ने ‘चौहान’ के साथ किया धमाकेदार कमबैक का ऐलान - June 27, 2026
- खाटू श्याम के भजनों से भक्तिमय हुआ आगरा: ‘श्याम अरदास संकीर्तन’ में देर रात तक झूमे श्रद्धालु - June 27, 2026