आगरा: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह के नाम पर स्थापित पीठ को जीवंत करने की कवायद तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर सोमवार को पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. आशू रानी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पीठ के नियमित संचालन और शोध कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की तुरंत व्यवस्था करने की मांग की।
चौधरी साहब के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना लक्ष्य
RLD के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि वर्ष 2006 में स्थापित यह पीठ वर्तमान में वित्तीय और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही है। उन्होंने कहा, “चौधरी चरण सिंह जी का जीवन किसानों और ग्रामीण भारत के उत्थान के लिए समर्पित था। उनके विचारों और किसान हितों से जुड़ी सोच को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए इस पीठ का सक्रिय होना अनिवार्य है।”
प्रतिनिधिमंडल ने याद दिलाया कि 23 दिसंबर 2026 से चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती का वर्ष शुरू हो रहा है, जिसे भव्य रूप से मनाने की तैयारी RLD कर रही है। ऐसे में विश्वविद्यालय स्तर पर इस पीठ का प्रभावी संचालन एक बड़ी श्रद्धांजलि होगी।
शोध और अकादमिक गतिविधियों का बने केंद्र
कुलपति को सौंपे ज्ञापन में RLD नेताओं ने मांग की कि इस पीठ को महज एक औपचारिक इकाई न रखकर, इसे शोध, संगोष्ठियों और व्याख्यानों का सशक्त केंद्र बनाया जाए।
कुलपति ने जताई आर्थिक चुनौतियां, संग्रहालय बनाने का रखा प्रस्ताव
कुलपति डॉ. आशू रानी ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के पास संचालित पीठों के लिए फिलहाल कोई पृथक सरकारी बजट नहीं है, जिसे सीमित संसाधनों के बीच चलाना एक चुनौती है। हालांकि, उन्होंने चौधरी चरण सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।
कुलपति ने कहा, “यदि केंद्र और प्रदेश सरकार से पर्याप्त वित्तीय सहयोग मिले, तो इस पीठ को एक मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके अंतर्गत ‘चौधरी चरण सिंह संग्रहालय’, शोध केंद्र और अभिलेख केंद्र जैसी सुविधाएं स्थापित की जा सकती हैं।” उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन 125वीं जयंती वर्ष को भव्य बनाने के लिए सरकार को शीघ्र ही एक विस्तृत प्रस्ताव भेजेगा।
प्रतिनिधिमंडल में नरेन्द्र बघेल, डॉ. रुपेश चौधरी, दुर्गेश शुक्ला, सत्यवीर रावत, आलोक चौधरी, निर्मल मथुरिया और चेतन वर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
- यूपी डीजीपी का रिपोर्ट कार्ड: अपराध में कमी और साइबर ठगी पर बड़ी चोट, एक साल की प्रमुख उपलब्धियां - June 1, 2026
- नीट परीक्षा विवाद: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके का ऐलान, 6 जून को दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन - June 1, 2026
- सूर्या हत्याकांड पर सीएम योगी का सख्त रुख: ‘दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी मंजूर नहीं, नालायक औलाद को संभालें अभिभावक’ - June 1, 2026