​समाज को आईना दिखाएगी के. सी. बोकाडिया की ‘तीसरी बेगम’: 18 जुलाई से वेव्स ओटीटी पर होगी स्ट्रीम

ENTERTAINMENT

मुंबई: हिंदी सिनेमा को ‘तेरी मेहरबानियाँ’, ‘प्यार झुकता नहीं’ और ‘आज का अर्जुन’ जैसी यादगार फिल्में देने वाले दिग्गज निर्माता-निर्देशक के. सी. बोकाडिया अपनी एक और संवेदनशील फिल्म ‘तीसरी बेगम’ के साथ ओटीटी पर एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। यह फिल्म 18 जुलाई से ‘वेव्स ओटीटी’ (Waves OTT) प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।

​सच्ची घटना से प्रेरित है कहानी

‘तीसरी बेगम’ महज एक कहानी नहीं, बल्कि एक झकझोर देने वाली वास्तविक घटना का परिणाम है। निर्माता के. सी. बोकाडिया बताते हैं कि इस फिल्म का बीज उनके मन में तब पड़ा, जब उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति को अपनी तीनों पत्नियों के साथ देखा। उस दृश्य में तीसरी पत्नी के चेहरे पर जो पीड़ा और खामोशी थी, उसने बोकाडिया को भीतर तक हिला दिया। उसी क्षण उन्होंने तय किया कि वे इस दर्द को दुनिया के सामने लाएंगे और महिला सम्मान व आत्मसम्मान पर आधारित यह सशक्त कहानी बुनेंगे।

​अभिनय और निर्देशन का जादू

फिल्म में जरीना वहाब, मुग्धा गोडसे और कायनात अरोड़ा ने अपने अभिनय से रिश्तों की जटिलताओं और महिलाओं के दबे हुए अहसासों को पर्दे पर जीवंत किया है। बोकाडिया की फिल्मों की खासियत हमेशा से ही समाज को एक आईना दिखाने वाली रही है, और ‘तीसरी बेगम’ इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज में महिला अधिकारों और सामाजिक चेतना का संदेश देती है।

​के. सी. बोकाडिया का मानना है कि सिनेमा का अर्थ केवल मनोरंजन नहीं है, बल्कि यह समाज की उन अनकही आवाजों को मंच देने का एक सशक्त माध्यम है जिन्हें अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है। ओटीटी पर इस फिल्म के आने से अब यह एक बड़े और नए दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी। यदि आप भी एक ऐसी फिल्म की तलाश में हैं जो मनोरंजन के साथ-साथ आपको गहराई से सोचने पर मजबूर कर दे, तो ‘तीसरी बेगम’ आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।

-अनिल बेदाग/up18news

Dr. Bhanu Pratap Singh