​सेंट कॉनरेड्स में बिखरा 2001 बैच की यादों का कारवां: 25 साल बाद सिल्वर जुबली रीयूनियन पर फिर गूंजा कैंपस, देश-विदेश से पहुंचे पूर्व छात्रों ने गुरुजनों संग जीया बचपन

PRESS RELEASE

आगरा। सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज के वर्ष 2001 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने 25 वर्षों बाद अपने प्रिय विद्यालय की चौखट पर कदम रखा तो मानो समय एक बार फिर पीछे लौट गया। कभी कक्षा में साथ बैठने वाले सहपाठी एक-दूसरे से गले मिलते दिखाई दिए तो कहीं पुराने किस्सों पर ठहाके गूंजे।

शरारतों, दोस्ती, अनुशासन और गुरुजनों के स्नेह से जुड़ी खट्टी-मीठी यादों को दोबारा जीते हुए सिल्वर जुबली रीयूनियन भावनाओं और उल्लास का अद्भुत संगम बन गया।

इस विशेष आयोजन में ऑस्ट्रेलिया, यूके, यूएसए, दुबई सहित अन्य देशों तथा भारत के विभिन्न शहरों से आए पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वर्षों बाद सहपाठियों और शिक्षकों से मिलकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय का प्रत्येक कोना पुरानी यादों को ताजा कर रहा था और हर मुलाकात में अपनत्व झलक रहा था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य रेव. फादर बिपिन कुजूर, प्रबंधक रेव. फादर ग्रेशियन, सहायक प्रबंधक रेव. फादर लॉरेंस साल्डाना तथा शिक्षकों के आत्मीय स्वागत एवं प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए पुराने दिनों की कई रोचक घटनाएं साझा कीं। पूर्व विद्यार्थियों ने भी अपने जीवन में शिक्षकों के मार्गदर्शन की भूमिका को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

रीयूनियन के दौरान कभी पुरानी शरारतों का जिक्र हुआ तो कभी कक्षा के मजेदार प्रसंगों पर सभी खुलकर हंसे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों, अनुभव साझा करने के सत्र और अनौपचारिक संवाद ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। सभी ने एक स्वर में स्वीकार किया कि विद्यालय से मिली शिक्षा, संस्कार और मित्रता आज भी उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

कार्यक्रम संयोजक गौरव खंडेलवाल ने बताया कि सिल्वर जुबली रीयूनियन केवल 25 वर्षों बाद मिलने का अवसर नहीं था, बल्कि उन अनमोल यादों, संस्कारों और मित्रताओं को फिर से जीने का भावनात्मक उत्सव था, जिन्होंने सभी के जीवन को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आए पूर्व विद्यार्थियों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है, जिसके रिश्ते समय और दूरियों से भी मजबूत बने रहते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से सभी पूर्व छात्र एकत्र हुए।

उन्होंने बताया कि सभी पूर्व विद्यार्थियों के ओर से विद्यालय को एक एयर कंडीशनर एवं अन्य सहयोग के लिए राशि भेंट की गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन बैच 2001 की कोर कमेटी ने किया, जिसमें अंकुर अग्रवाल, सीए विपुल बंसल, गौरव खंडेलवाल, अमित खंडेलवाल, पारुल अग्रवाल, दिवाकर पंजवानी, शिष्ट सिक्का एवं विकास मिश्रा शामिल रहे। विद्यालय की शिक्षिका रूपाली शर्मा ने विद्यालय की ओर से आयोजन के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Dr. Bhanu Pratap Singh