दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदने के लिए बेताब हैं। इसके लिए वह बड़ी रकम चुकाने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने धमकी भी दी है कि अगर उनकी पेशकश को ठुकराया गया तो वह कंपनी में अपने निवेश से हाथ खींच सकते हैं। ट्विटर के बोर्ड ने मस्क के इस जाल को काटने के लिए पॉइजन पिल का सहारा लिया है। इससे मस्क कंपनी का जबरन टेकओवर नहीं कर पाएंगे।
ट्विटर के बोर्ड ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। पॉइजन पिल एक लिमिटेड टर्म शेयरहोल्डर राइट्स प्लान होता है। इससे ट्विटर के शेयरहोल्डर्स (मस्क के अलावा) सस्ती कीमत पर कंपनी के शेयर खरीद सकते हैं। इससे कंपनी में मस्क की हिस्सेदारी कम हो जाएगी। मस्क के पास अभी ट्विटर के 9.2 फीसदी हिस्सेदारी है। अगर वह मस्क या कोई अन्य निवेशक 15 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी लेता है तो यह प्रावधान लागू हो जाएगा।
क्या है पॉइजन पिल
पॉइजन पिल कंपनियों को जबरन टेकओवर से बचाने की एक व्यवस्था है। इससे मस्क के लिए कंपनी के शेयर खरीदना महंगा हो जाएगा और वह जबरन टेकओवर के बजाय बातचीत की मेज पर आ सकते हैं। ट्विटर ने एक बयान में कहा कि राइट्स प्लान से किसी भी कंपनी, व्यक्ति और ग्रुप के ओपन मार्केट से शेयर खरीदकर ट्विटर कर कब्जा करने की संभावना कम हो जाएगी। टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के सीईओ ने ट्विटर के शेयरों को 54.20 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर खरीदने की पेशकश की है।
मस्क ने करीब दो हफ्ते पहले ट्विटर में हिस्सेदारी खरीदने का खुलासा किया था। वह ट्विटर में 9.2 फीसदी हिस्सेदारी खरीदकर सबसे बड़े स्टेकहोल्डर बन गए थे। तब से ही ट्विटर और मस्क में जबरदस्त खींचतान चल रही है। इस बीच ट्विटर ने दावा किया था कि मस्क उसके बोर्ड में शामिल होंगे लेकिन मस्क ने इस ऑफर को ठुकरा दिया था। इसके बाद से ऐसी अटकलों का बाजार गर्म था कि मस्क जबरन कंपनी का टेकओवर कर सकते हैं।
ट्विटर के पीछे क्यों पड़े हैं मस्क
आखिर सवाल उठता है कि ट्विटर में ऐसा क्या है कि दुनिया का सबसे रईस शख्स किसी भी कीमत पर उसे खरीदना चाहता है। मस्क ट्विटर की ताकत को समझते हैं और अपनी बात कहने के लिए इसका खूब इस्तेमाल करते हैं। इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके 8.1 करोड़ फॉलोअर्स हैं। उनके एक ट्वीट से क्रिप्टोकरेंसीज की कीमत में भारी उतार-चढ़ाव आ सकता है। डॉगकॉइन (Dogecoin) और शीबा इनू (Shiba Inu) जैसी मीम क्रिप्टोकरेंसीज इसका उदाहरण हैं। साथ ही वह जब-तब ट्विटर पर पोल कराते रहते हैं। लेकिन मस्क ट्विटर के सबसे बड़े आलोचक भी हैं।
-एजेंसियां
- मुंबई को मिली ‘सोलर इन फुल ब्लूम’ की सौगात: जुहू में अवादा ग्रुप की अनोखी कलाकृति का अनावरण - June 27, 2026
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर छलका धीरेंद्र शास्त्री का दर्द, बोले- “रावण ने सीता जी को चुराया था, इन्होंने तो करोड़ों का भरोसा लूटा” - June 27, 2026
- अयोध्या चढ़ावा मामला: इस्तीफा प्रकरण के बीच ट्रस्ट ने कहा- चंपत राय और अनिल मिश्रा के त्यागपत्र पर न्यास करेगा विचार, अफवाहों से बचने की अपील - June 27, 2026