भरतपुर में दर्दनाक हादसा: काम से लौट रहे मजदूरों को ट्रोले ने रौंदा, फतेहपुर सीकरी के एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

स्थानीय समाचार

​फतेहपुर सीकरी (आगरा)। राजस्थान के भरतपुर में सोमवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। भरतपुर में मजदूरी कर घर लौट रहे दो राजगीर मजदूरों को एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रोले ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मजदूर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

​मजदूरी के बाद घर वापसी बनी आखिरी सफर

​मिली जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी ब्लॉक के गांव पतसाल निवासी 50 वर्षीय जगन्नाथ (पुत्र मनोहरी) और 48 वर्षीय डूंगर (पुत्र गयाशीराम) पेशे से राजगीर मजदूर थे। वे प्रतिदिन की तरह सोमवार को भी काम करने के लिए भरतपुर गए थे। शाम को काम समाप्त करने के बाद वे बरसो-भरतपुर मार्ग पर घर लौटने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे।

तभी आगरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रोले ने अनियंत्रित होकर दोनों मजदूरों को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि जगन्नाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जगन्नाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि डूंगर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका उपचार शुरू किया गया।

चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

हादसे के बाद ट्रोला चालक गाड़ी को सड़क पर ही छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार ने भरतपुर पहुंचकर पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी कीं। मंगलवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया।

​पुलिस कर रही है चालक की तलाश

थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रोले को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और सभी लोग घायल मजदूर डूंगर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई करने में जुटी है।

Dr. Bhanu Pratap Singh