आगरा। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप शनिवार को अपने पति माइकल बुलोस के साथ ताजनगरी आगरा पहुंचीं। विशेष चार्टर्ड विमान से खेरिया एयरपोर्ट उतरने के बाद, टिफनी ने सीधे विश्व धरोहर ताजमहल का रुख किया। शाही अंदाज में ताजमहल के पूर्वी गेट पर पहुंचीं टिफनी ने जैसे ही ‘रॉयल गेट’ से शाहजहां की इस कालजयी कृति की पहली झलक देखी, उनके मुख से अनायास ही निकल पड़ा “वाह ताज, अमेजिंग!”
ताज की खूबसूरती और शाहजहां-मुमताज की दास्तां में खोया दंपती
ताजमहल परिसर में टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस ने करीब एक घंटे का समय बिताया। इस दौरान दोनों बेहद खुश नजर आए। गाइड रमेश धवन ने उन्हें ताजमहल के इतिहास और इसकी अद्भुत पच्चीकारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टिफनी ने जिज्ञासावश कई सवाल पूछे, जिनमें शाहजहां-मुमताज की प्रेम कहानी, निर्माण प्रक्रिया और मजदूरों से जुड़ी किंवदंतियों के बारे में जानकारी लेना शामिल था।
उन्होंने सेंट्रल टैंक के पास स्थित ‘डायना बेंच’ पर बैठकर एक-दूसरे का हाथ थामकर यादगार फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। अपने स्टाफ के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाते समय टिफनी ने भारतीय परंपरा का निर्वहन करते हुए हाथ जोड़कर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया।
गोपनीयता और कड़ी सुरक्षा के बीच दौरा
टिफनी ट्रंप की सुरक्षा को लेकर आगरा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क रहीं। हालांकि, उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव हुआ। पहले उन्हें एयरपोर्ट से सीधे होटल जाना था, लेकिन वे सीधे ताजमहल पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने उनके दौरे की जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखा।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे। ताजमहल दीदार के बाद दंपती पास ही स्थित एक सात सितारा होटल में ठहरे, जहां से उन्हें ताजमहल का विहंगम दृश्य दिखाई देता है।
ट्रंप परिवार का ताज से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप परिवार ने ताजमहल का दीदार किया है। इससे पहले 24 फरवरी 2020 को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद के साथ आगरा आए थे। उस समय भी दुनिया ने ट्रंप दंपति को ताजमहल के सामने प्रेम के प्रतीक के रूप में देखा था। वहीं, हाल ही में 25 मई 2026 को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी अपनी पत्नी के साथ ताज का भ्रमण किया था।
टिफनी ट्रंप के इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रात के प्रवास के बाद रविवार को टिफनी अपने पति के साथ चार्टर्ड प्लेन से राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो सकती हैं।
- आगरा कैंट मारपीट मामला: पीड़ित अधिकारी की पत्नी की आत्मदाह की चेतावनी, बहन का रेल ट्रैक पर हंगामा - July 15, 2026
- रेलवे में ‘आरपीएफ बनाम कर्मचारी’ का महासंग्राम: डीएसएस से मारपीट के विरोध में 30 शहरों में सड़क पर उतरे रेलकर्मी, सख्त कार्रवाई की मांग - July 14, 2026
- आगरा में हाई-वोल्टेज ड्रामा: गेस्ट हाउस में पति ने पत्नी को दूसरे युवक के साथ रंगे हाथों पकड़ा, मचा हड़कंप - July 14, 2026