लखनऊ। राजधानी में हड़कंप मच गया जब लुलु मॉल के अंदर एक कागज़ पर लिखा धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें शहर के स्कूलों और प्रमुख इमारतों को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। पत्र मिलने के बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मॉल परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पत्र फेंकने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। धमकी को गंभीरता से लेते हुए शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
लखनऊ पुलिस के अनुसार, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और पूरे शहर में चेकिंग को तेज कर दिया गया है। प्राप्त पत्र की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
एएसपी ने दी विस्तृत जानकारी
अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) जितेंद्र दुबे ने बताया कि पैदल गश्त पुलिस की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा है। इसी क्रम में हजरतगंज क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों—विधानसभा, बापू भवन, लोकभवन सहित अन्य संस्थानों की सतर्कता के साथ गहन चेकिंग की गई। इस दौरान डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीम भी तैनात रही।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी को कोई शंका हो, तो तुरंत पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी साझा करें।
सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच
दक्षिणी क्षेत्र के डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि लुलु मॉल के बाथरूम में मिला धमकी भरा पत्र पूरी तरह जांच के दायरे में है। इसके लिए एक अलग टीम सीसीटीवी फुटेज का विस्तार से विश्लेषण कर रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता बरत रही है।
डीसीपी ने कहा कि आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी और उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के न मिलने के बावजूद, धर्म ध्वजारोहण कार्यक्रम और हालिया दिल्ली ब्लास्ट को देखते हुए शहर की सुरक्षा और मजबूत कर दी गई है।
धमकी के बाद पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
- आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता: पिता ने किडनी दान कर बचाई बेटे की जान, दूसरा सफल ट्रांसप्लांट रहा कामयाब - October 11, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: फतेहाबाद के पास डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत - October 11, 2026
- ताजमहल में पर्यटकों के बीच जमकर हुई हाथापाई: पैर पर पैर रखने के मामूली विवाद पर भिड़े राजस्थान के पर्यटक, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप - October 11, 2026