शेयर बाजार में आज फिर से भूचाल आया है। बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ है। आज जनवरी सीरीज की एक्सपायरी पर बाजार में कमजोरी देखने को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सेंसेक्स आज 359.64 अंकों की गिरावट के साथ 70,700.67 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है।
वहीं निफ्टी 50 आज 101.35 अंक टूटकर 21,352.60 के स्तर पर बंद हुआ है। आज एफएमसीजी, आईटी और फार्मा शेयरों में दबाव देखा गया है। बैंकिंग, इंफ्रा और मेटल इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए हैं। बाजार में पीएसई, रियल्टी और एनर्जी इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं। बाजार में आज बैंकिंग और आईटी शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली है।
निवेशकों को हुआ भारी नुकसान
शेयर बाजार में गिरावट के बीच आज निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के मार्केट कैप में भी गिरावट देखी गई है। आज सुबह सेंसेक्स करीब 700 अंकों तक टूट गया था। इस दौरान निवेशकों को सुबह कुछ ही घंटों में 1.77 लाख करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा है।
इस सप्ताह की शुरुआत में बाजार में गिरावट रही थी। बाजार लगातार गिर रहा था। कल यानी बुधवार को बाजार में तेजी देखने को मिली थी। बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। वहीं आज गणतंत्र दिवस से पहले बाजार में फिर से बड़ी गिरावट देखी गई है।
टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा छह प्रतिशत से अधिक नीचे आया। कंपनी का दिसंबर तिमाही में शुद्ध लाभ 60 प्रतिशत घटकर 510.4 करोड़ रुपये रहने की सूचना के बाद इसका शेयर नीचे आया है। इसके अलावा भारती एयरटेल, आईटीसी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एशियन पेंट्स, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, नेस्ले, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और मारुति भी प्रमुख रूप से नुकसान में रही हैं।
दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और महिंद्रा एंड महिंद्रा शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार में बुधवार को मिला-जुला रुख रहा।
-एजेंसी
- 25 साल से फरार चारा घोटाले का आरोपी सत्येंद्र कुमार लखनऊ से गिरफ्तार, नेपाल में छिपकर काट रहा था जिंदगी, रेलवे स्टेशन से CBI ने धर-दबोचा - October 24, 2026
- यूपी चुनाव 2027: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की घोषणा, जननीति भारत पार्टी लड़ेगी 403 सीटों पर, बोलीं “लक्ष्य जनता का राज” - October 24, 2026
- कन्नौज में अखिलेश का पुतला फूंकने पहुंचे हिन्दुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु की पिटाई, सपा नेत्री ने जड़े थप्पड़, समर्थक भागे - October 24, 2026