आगरा। ताजनगरी के मोटरस्पोर्ट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। मोटरस्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा की ओर से आयोजित ‘आगरा–झांसी–आगरा’ टीएसडी (Time-Speed-Distance) रैली का आगाज 20 फरवरी को होने जा रहा है। इस रोमांचक सफर में देश भर से आए प्रतिभागी 52 कारों और 25 बाइकों के साथ चुनौती पेश करेंगे। रैली को और भी खास बनाने के लिए इस बार अंतरराष्ट्रीय रैली ड्राइवर संजय टाकले ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में मौजूद रहेंगे।
अमृत अभिजात दिखाएंगे हरी झंडी, जयवीर सिंह करेंगे सम्मानित
रैली की शुरुआत 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे कोर्टयार्ड बाइ मेरियट से होगी। प्रमुख सचिव (पर्यटन) अमृत अभिजात प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 22 फरवरी को झांसी में जिलाधिकारी रैली को रवाना करेंगे, जिसके बाद वापसी का सफर शुरू होगा। समापन समारोह में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
चुनौतीपूर्ण रास्तों पर सुरक्षा का पहरा
आयोजनकर्ताओं ने रैली मार्ग की विस्तृत ‘रोड रैकी’ पूरी कर ली है। आगरा से झांसी के बीच ऐसे रास्तों का चयन किया गया है जो तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ सुरक्षित भी हैं। इस बार रैली को आगरा नगर निगम का भी सहयोग मिला है, जिसके जरिए “स्वच्छ भारत अभियान” का संदेश प्रसारित किया जाएगा। रैली के मुख्य प्रायोजकों में Isuzu Motors India और बजाज ऑटो (बजाज चेतक) शामिल हैं।
पर्यटन और खेल का अनूठा संगम
इस आयोजन का उद्देश्य न केवल मोटरस्पोर्ट को बढ़ावा देना है, बल्कि आगरा और झांसी के बीच पर्यटन की संभावनाओं को नई ऊंचाई देना भी है। आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार भी इस गौरवशाली पल के साक्षी बनेंगे। क्लब पदाधिकारियों का मानना है कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान करेगा।
- आगरा में सर्जन्स ने दिया हरित भविष्य का संदेश, इलेक्ट्रिक वाहनों की रैली निकालकर प्रदूषण नियंत्रण का किया आह्वान - June 15, 2026
- “अब और नहीं सहेंगे परेशानी” : प्रसिद्ध आयकर अधिवक्ता अनिल वर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में 12 सूत्रीय ज्ञापन से हिली नगर निगम व्यवस्था - June 15, 2026
- आगरा में खौफनाक वारदात: बाह में ज्वेलर्स के घर डाका, बिजली काटकर परिवार को बनाया बंधक - June 15, 2026