लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र की भाजपा सरकार को एक बार फिर आर्थिक मुद्दों पर घेरा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कविता के अंदाज़ में तंज कसते हुए सरकार को दुनिया का सबसे बड़ा क़र्ज़दार बताया।
अखिलेश यादव ने लिखा –
“ये हैं दुनिया के सबसे बड़े क़र्ज़दार,
मुल्क के लिए ये ख़िताब अच्छा नहीं।
तुम्हारी हाथ की तंगी ख़बर बन जाए,
हुक्मरान इतना भी उधार अच्छा नहीं।”
सपा प्रमुख ने सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने किसानों, कारीगरों, कारोबारियों, दुकानदारों और कारख़ानों का ध्यान नहीं रखा। उनकी नीतियाँ मेहनतकश और मध्यवर्गीय वर्ग के हित में नहीं रहीं। इसके बजाय सरकार ने बड़ी-बड़ी कंपनियों को फायदा पहुँचाया और उनसे चंदा व कमीशन लेने का भ्रष्टाचार किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में आम जनता के हित में काम करती और उत्पादन व रोजगार को बढ़ावा देती तो आज देश की आर्थिक स्थिति कहीं बेहतर होती। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में देश का कर्ज़ लगातार बढ़ा है और आम लोगों की जेब ढीली होती जा रही है।
उन्होंने अंत में तंज कसा कि भाजपा के जाने के बाद ही अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट सकती है।
गौरतलब है कि अखिलेश यादव लगातार केंद्र सरकार पर महँगाई, बेरोजगारी और आर्थिक नीतियों को लेकर हमलावर रहते हैं। वहीं, भाजपा सरकार का कहना है कि देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेज़ी से बढ़ रही है और निवेश का माहौल मजबूत हुआ है।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026