वह दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया का सुपर पावर होगा: राजनाथ सिंह

NATIONAL

देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि वह दिन दूर नहीं, जब भारत दुनिया का सुपर पावर होगा। गुरुवार को मध्यप्रदेश में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी के उस बयान का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने कहा था, “यदि आप भविष्य देखना चाहते हैं तो भारत आएं। यदि आप भविष्य को महसूस करना चाहते हैं तो भारत आएं। यदि आप भविष्य पर काम करना चाहते हैं तो भारत आएं।”

रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर तेजी के साथ अग्रसर है। आगामी 20-25 वर्षों में भारत विश्व की महाशक्ति होगा। दुनिया हमारी ओर आशा पर निगाहों से देख रही है। इसे विश्व के बड़े देश भी स्वीकार कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने समाज के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें मदद पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने किसानों को हर साल किसान सम्मान निधि के रूप में प्रदान किए जा रहे छह हजार रुपयेे का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों को खाद, बीज आदि खरीदने में मदद मिलती है। लेकिन विपक्ष इसकी भी आलोचना करता है।

रक्षामंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने बगैर किसी भेदभाव के लोगों के विकास के लिए काम किया है। धर्म, जाति, संप्रदाय को देखे बिना योजनाओं का लाभ आम जनता तक सीधे पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजागार प्रदान करने व महिलाओं को न्याय प्रदान करने के लिए कदम उठाया गया है।

रक्षामंत्री ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने व उनके साथ होने वाले अन्याय को खत्म करने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में तीन तलाक जैसी कुप्रथा को खत्म किया गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हिंदू, मुसलमान, सिख, इसाई समेत सभी धर्मों व संप्रदायोंं की महिलाओं को सशक्त करने को प्रतिबद्ध है।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh