लखनऊ : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव लोकार्पित सीएम डैशबोर्ड कार्यालय से पहली बार एक साथ सभी थाना प्रभारियों, सर्किल अफसरों, पुलिस कप्तानों, पुलिस कमिश्नरों, आईजी रेंज व एडीजी जोन के साथ संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कठोरतापूर्वक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई की जाए।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उन्होंने सभी पुलिस कमिश्नरों/कप्तानों को निर्देश दिए हैं कि हर जिला/ कमिश्नरेट में महिला थाना प्रभारी के अतिरिक्त एक अन्य थाने का प्रभार महिला थानेदारों को योग्य और कर्मठ पुलिस कार्मिकों की टीम दी जानी चाहिए। इस आदेश का यथाशीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करना होगा।
मुख्यमंत्री ने जनवरी 2023 से अगस्त 2023 की अवधि में हत्या, दुष्कर्म, लूट, डकैती, धर्म परिवर्तन आदि आपराधिक घटनाओं, उनके पर्दाफाश किये जाने की सक्रियता के साथ-साथ आईजीआरएस में प्रदर्शन के आधार पर जिला पुलिस, सर्किल और थाना की रिपोर्ट के साथ लगभग दो दर्जन जनपदों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता का हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। आपराधिक घटनाओं में वृद्धि, चार्जशीट में देरी, निस्तारण में विलम्ब, सम्बन्धित थाने, सर्किल, पुलिस कप्तान की लापरवाही प्रदर्शित करती है। यदि कहीं लापरवाही/गड़बड़ी की पुष्टि हुई तो न केवल पद से हटाया जाएगा, बल्कि अनिवार्य सेवानिवृत्ति भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने थानेदारों को संबोधित करते हुए कहा कि हर फरियादी को सम्मान दें। उनकी पीड़ा सुनें और यथोचित समाधान प्रदान करें। महिला बीट अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुये उन्होंने थानेदारों को सप्ताह में एक बार महिला बीट अधिकारी व ग्राम चौकीदार से संवाद करने के लिए प्रेरित किया। बाइक सवार स्टंटबाज, धार्मिक प्रतीक अंकित वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में सतत् पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जीआरपी व सीमावर्ती थानों में योग्य पुलिसकर्मियों की तैनाती के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन की दृष्टि से देश भर में सराहे जा रहे ’मिशन शक्ति’ अभियान का अगला चरण आगामी शारदीय नवरात्र के पहले दिन से प्रारम्भ होगा। महिलाओं को 108, 1090, 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया जाए। साथ ही, मौके पर पात्र महिलाओं को पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मातृत्व वन्दना योजना जैसी लोककल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर व सभी 17 नगर निगमों को सेफ सिटी के रूप में व्यवस्थित करने की कार्यवाही 14 अक्टूबर तक पूरी कर लेने के निर्देश भी दिये। मुख्यमंत्री ने विगत 21-25 सितम्बर के बीच जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित प्रथम यूपी इण्टरनेशनल ट्रेड शो और मोटो जीपी भारत 2023 इवेण्ट के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन की सराहना की। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर ने दोनों वैश्विक महत्व के आयोजनों के प्रबंधन के सम्बन्ध में एक प्रस्तुतिकरण भी दिया। इस अवसर पर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट द्वारा हाल ही में तकनीक की मदद व अन्तरजनपदीय समन्वय से किये गए अन्तरराज्यीय लूट गिरोह के पर्दाफाश की विस्तृत कार्यवाही के सम्बन्ध में एक प्रस्तुतिकरण दिया गया।
- ललितपुर में विकास की नई इबारत: सीएम योगी ने ₹1,766 करोड़ की 221 परियोजनाओं की दी सौगात - June 21, 2026
- रक्तदान में नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी: 16 अगस्त को आगरा व्यापार मंडल का चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर - June 21, 2026
- नकली घी का बड़ा भंडाफोड़: टूंडला में फैक्ट्री सील, आगरा के मनकामेश्वर मंदिर क्षेत्र तक फैली थी सप्लाई - June 20, 2026