पिनाहट/आगरा। आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत नयापुरा गांव में एक बुजुर्ग की मौत के बाद फैली हत्या की चर्चाओं का पुलिस ने आधिकारिक रूप से खंडन कर दिया है। 90 वर्षीय रामबाबू चुरारिया का शव घर के बाहर बाड़े में मिलने और चारपाई पर खून के निशान होने के बाद क्षेत्र में हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जांच में यह मामला एक दुखद दुर्घटना निकला।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, रामबाबू रात के समय अपने घर के बाहर स्थित भैंस के बाड़े में चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान उनकी भैंस खुल गई। जब वे उसे दोबारा बांधने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक भैंस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
अफवाहों पर लगा विराम
घटना के बाद सुबह जब शव त्रिपाल में लिपटा हुआ और चारपाई पर खून के निशान देखे गए, तो स्थानीय लोगों में हत्या की आशंका प्रबल हो गई और यह चर्चा तेजी से फैल गई कि किसी धारदार हथियार से उनकी हत्या की गई है। हालांकि, मौके पर पहुंची थाना ताजगंज (पिनाहट) पुलिस ने मामले की बारीकी से छानबीन की। परिजनों ने भी पुलिस को स्पष्ट किया कि यह किसी प्रकार की आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि एक दुर्घटना है।
पुलिस ने अपनी जांच में पुष्टि की है कि इस मामले में हत्या जैसी कोई घटना नहीं हुई है और घटनास्थल पर किसी भी तरह के संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस तरह की आधारहीन अफवाहों पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें। मामले को पूरी तरह से स्पष्ट कर पुलिस ने स्थिति को सामान्य घोषित कर दिया है।
- आगरा में सीएम योगी के दौरे से पहले किसान नेता नजरबंद: इनर रिंग रोड मुआवजा और कोऑपरेटिव बैंक में गड़बड़ी को लेकर खड़ी की आवाज - June 28, 2026
- गवाही देने की रंजिश में वारदात: आगरा में युवती पर हमले के मामले में पुलिस की जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी - June 28, 2026
- भैंस को बांधने के दौरान हुआ था हादसा: आगरा के पिनाहट में वृद्ध की मौत को लेकर फैली अफवाहों पर पुलिस ने लगाया विराम - June 28, 2026