मेरठ। जिले के परतापुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपनी ही दोस्त पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि उसकी दोस्त नौकरी दिलाने के बहाने बनारस ले गई और वहां पर फोन छीन लिया। फिर उसे अपने भाई के हवाले कर दिया। भाई ने युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। जब युवती अपने परिवार वालों से संपर्क करने की जिद करने लगी तो पीड़िता को नशे के इंजेक्शन देने शुरू कर दिए। आरोपियों पर दो माह तक बंधक बनाकर रखने का आरोप है। पीड़िता किसी तरह शुक्रवार को मेरठ पहुंची। उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। उधर, आरोपी युवक ने पीड़िता को अपनी पत्नी बताया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवती परतापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। शनिवार को पीड़ित युवती एसएसपी कार्यालय पहुंची। उसने बताया कि, पिछले साल बनारस की रहने वाली एक लड़की मेरठ में पढ़ाई करने के लिए आई थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। उसकी सहेली उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन मार्च 2023 को अपने साथ बनारस ले गई।
पीड़िता ने बताया कि बनारस में उसकी मुलाकात सहेली के भाई से हुई। भाई ने उसे बंधक बनाकर रखा। कमरे में बंद कर दिया। हर रोज वह दुष्कर्म करने लगा। कुछ दिनों पहले भाई ने जबरन मांग में सिंदूर भर दिया। जब उसने विरोध किया तो मारपीट की। घरवालों से संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन छीनकर उसे नशे का इंजेक्शन देना शुरू कर दिया। दो दिन पहले सहेली व उसका भाई घर के बाहर गए थे। मौका देखकर उसने किसी बाहर के व्यक्ति के फोन से घर पर संपर्क किया। इसके बाद पीड़िता के परिजन बनारस गए। वहां से बेटी को लेकर मेरठ आए। इसके बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ परतापुर थाने में तहरीर दी।
वहीं पीड़िता का आरोप है कि गुरुवार रात आरोपी युवक उसके घर पहुंच गया। वह जबरन लड़की को अपने साथ बनारस ले जाने की जिद पर अड़ गया। जब उसने जाने से मना किया तो आरोपी ने पीड़िता के भाई पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान शोर सुनकर परिवार के लोग जाग गए और आरोपी को पकड़कर जमकर पिटाई की। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गया।
वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लिया गया था। आरोपी युवती को अपनी पत्नी बता रहा है। मामले में जांच की जा रही है। जांच में सत्यता पाई जाती है तो आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। बनारस की जिस लड़की का नाम सामने आया है, उसकी भी तलाश की जा रही है। फिलहाल, मामला संदिग्ध लग रहा है।
- Agra News: हजार में हवलदार और लाख में थाना…वाला स्टंट पड़ा भारी, रील बनाने वाले सपा नेता दामा यादव पर FIR; अब लाइसेंस रद्द करने की तैयारी - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026
- Agra News: खाकी से बदतमीजी करने वाला शिबू ठाकुर गिरफ्तार, ‘लाइव वीडियो’ वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन - February 17, 2026