आगरा: ताजनगरी के सबसे प्रतिष्ठित आयोजन ‘ताज महोत्सव 2026’ का बुधवार को भव्य आगाज हो गया। फतेहाबाद रोड स्थित ‘आई लव आगरा’ सेल्फी प्वाइंट के पास नवनिर्मित 4 एकड़ के विशाल मैदान में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान अचानक हुई बारिश ने जरूर थोड़ी बाधा डाली, लेकिन पर्यटकों और कला प्रेमियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
शिल्पग्राम नहीं, अब नए ठिकाने पर उत्सव:
इस बार ताज महोत्सव अपने पारंपरिक स्थल शिल्पग्राम से हटकर एक आधुनिक और बड़े मैदान में आयोजित हो रहा है। यहाँ मुख्य मंच के साथ-साथ ओडीओपी (ODOP) प्रदर्शनी, फ्लावर शो, फन जोन और फूड कोर्ट के लिए अलग-अलग भव्य सेक्शन बनाए गए हैं। 27 फरवरी तक चलने वाले इस उत्सव में देशभर के शिल्पकारों के करीब 500 स्टॉल लगाए गए हैं।
सुरों से सजेगी शाम:
10 दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक सफर में हर रात मनोरंजन का तड़का लगेगा। 20 फरवरी को अली ब्रदर्स की सूफी नाइट, 22 फरवरी को नीरज श्रीधर की बॉलीवुड नाइट और 23 फरवरी को परमिश वर्मा की पंजाबी नाइट मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा 26 फरवरी को मशहूर कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक अपनी कॉमेडी से लोगों को गुदगुदाएंगे।
बटेश्वर और सीकरी तक गूंज:
इस वर्ष ताज महोत्सव का दायरा केवल मुख्य मैदान तक सीमित नहीं है। 21 फरवरी को फतेहपुर सीकरी में निजामी बंधु की कव्वाली और 23 फरवरी को बटेश्वर में मिश्रा बंधु की भजन संध्या होगी। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि सुरक्षा, पार्किंग और स्वच्छता के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि महोत्सव का आनंद लेने आए लोगों को कोई असुविधा न हो।
- आगरा के पिनाहट में मचा हड़कंप: अमोनिया गैस की बदबू से गांव में मचा हड़कंप, डीएम और एडिशनल सीपी ने संभाली कमान - March 13, 2026
- मोबाइल के लिए झगड़ा और फिर मौत: पति के काम पर जाते ही गर्भवती विवाहिता ने लगाया फंदा, आगरा के सीकरी में मची सनसनी - March 13, 2026
- फतेहपुर सीकरी पुलिस की बड़ी कामयाबी: होली पर सूने घर को खंगालने वाला ‘असगर’ गिरफ्तार, सोने की चेन और अंगूठियां बरामद - March 13, 2026