आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा’ के अंतर्गत द रमाना ग्रैंड, प्रतापपुरा में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने किया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहे।
डॉ. मुखर्जी को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित 2500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गान किया। राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, शिव शंकर शर्मा, गामा प्रसाद दुबे सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके त्याग व बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को उनके विचारों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
विपक्ष पर प्रहार और सरकार की उपलब्धियां
मुख्य अतिथि डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने अपने 55 मिनट के ओजस्वी संबोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एकात्म भारत’ के विचार को भाजपा की असली शक्ति बताया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है। डॉ. त्रिवेदी ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के अधूरे संकल्प को पूरा किया है। साथ ही, राम मंदिर का भव्य निर्माण, काशी विश्वनाथ और उज्जैन महाकाल कॉरिडोर का जीर्णोद्धार भाजपा की सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर का रास्ता साफ होते ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
2027 के लिए फूंका जीत का बिगुल
डॉ. त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हरियाणा, दिल्ली, बिहार और बंगाल के बाद अब पंजाब में भी भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती, जनसंपर्क का विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार पुनः कमल खिलेगा।
सम्मेलन में रही प्रमुख उपस्थिति
इस विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, टीएन अग्रवाल, नवल तिवारी, अशोक पिप्पल, निर्मला दीक्षित, अरुण पाराशर, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, वैभव जैन, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, राजू परमार, अंकित शर्मा, माधुरी माहोर, डॉ. निधि शर्मा, नंदी महाजन, दीपू जादोन, मनमोहन कुशवाह, मनवीर चौहान, राहुल सागर, दीपक ढल, अनिल सारस्वत, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, विक्रांत तिवारी, केके सिकरवार, बंटी धाकड़, शेलू पंडित, ललित शर्मा, हिमांशु ठाकुर, श्याम राव, दीपिका मित्तल, कुशल गोयल, आदित्य अग्रवाल, बबीता पाठक, सीमा सिंघल और संध्या माहोर सहित विभिन्न मंडलों व मोर्चों के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- Agra News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन सेवा भाव से मनाया, कार्यकर्ताओं ने किया वृक्षारोपण और मिष्ठान वितरण - July 2, 2026
- आगरा भाजपा महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे सुधांशु त्रिवेदी, कहा- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान ही हमारा मार्गदर्शक - July 2, 2026
- आगरा में बोले डॉ. सुधांशु त्रिवेदी: “राम के नाम पर भ्रष्टाचार करने वालों को न राजदंड बख्शेगा, न धर्मदंड” - July 2, 2026