आगरा; भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी के आगरा आगमन के दौरान राज्यसभा सांसद नवीन जैन के कमला नगर स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम बलिदानी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनके बलिदान दिवस से लेकर जयंती तक भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में जनजागरण अभियान चला रही है, जिसके माध्यम से स्वदेशी, स्वावलंबन, राष्ट्रीय एकता, अखंड भारत और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत उनका आगरा प्रवास हुआ है।
पत्रकारों द्वारा अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के प्रकरण पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि यह विषय प्रत्येक रामभक्त के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी राम मंदिर आंदोलन से भावनात्मक रूप से जुड़े रहे हैं, इसलिए यह घटना उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी आहत करती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना किसी विलंब के विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और जांच प्रारंभ कर दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई केवल भावनाओं के आधार पर नहीं बल्कि ठोस साक्ष्यों के आधार पर ही होनी चाहिए, ताकि न्यायालय में दोषियों को कठोर दंड सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर यदि किसी ने भ्रष्टाचार या अनियमितता की है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस पूरे मामले में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम लेने से पाप कटते हैं, लेकिन यदि किसी ने राम के धाम और राम के नाम पर ही पाप किया है तो उसे न राजदंड से बचाया जाएगा और न ही धर्मदंड से।
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व, अयोध्या और सनातन संस्कृति पर प्रश्न उठाए, वही आज रामभक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को सार्वजनिक रूप से अस्वीकार किया और समय-समय पर सनातन धर्म के विरुद्ध आयोजित कार्यक्रमों का समर्थन किया, उन्हें आज रामभक्ति की चिंता करना शोभा नहीं देता।
उन्होंने कहा कि देश की जनता भली-भांति जानती है कि कौन वास्तव में भगवान राम की आस्था का सम्मान करता है और कौन राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस विषय का उपयोग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर भारतीय जनता पार्टी के लिए कभी चुनावी मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और पांच सौ वर्षों के संघर्ष का प्रतीक है। इसके विपरीत विपक्ष ने हमेशा इस विषय को राजनीतिक दृष्टि से देखा।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पुराने रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि देश यह सब देख चुका है कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान किसने क्या भूमिका निभाई थी।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है। एसआईटी की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद यदि भविष्य में व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता होगी तो सरकार उस पर भी आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
देश की अर्थव्यवस्था पर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) सहित अनेक वैश्विक संस्थाएं भारत को विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बता रही हैं। विश्व आर्थिक मंच ने भी भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति और निवेश क्षमता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि गूगल, फॉक्सकॉन सहित विश्व की अनेक बड़ी कंपनियां भारत में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं तथा उत्तर प्रदेश भी वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी अवैध हथियारों और अपराध के लिए चर्चा में रहता था, आज वही प्रदेश रक्षा उत्पादन, औद्योगिक निवेश और आधुनिक विनिर्माण का बड़ा केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन, विकास और मजबूत कानून-व्यवस्था का परिणाम है।
प्रेस वार्ता के अंत में डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि देश की जनता सत्य और असत्य का अंतर भली-भांति समझती है। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी तथा भ्रष्टाचार और अनियमितता के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर आगे भी दृढ़ता से कायम रहेगी।
- राम मंदिर चढ़ावा मामला: QR कोड वाला दान बक्सा अविनाश शुक्ला के घर कैसे पहुंचा? SIT के रडार पर मंदिर ट्रस्ट के जिम्मेदार - July 2, 2026
- Agra News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन सेवा भाव से मनाया, कार्यकर्ताओं ने किया वृक्षारोपण और मिष्ठान वितरण - July 2, 2026
- आगरा भाजपा महानगर कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे सुधांशु त्रिवेदी, कहा- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान ही हमारा मार्गदर्शक - July 2, 2026