NEET के छात्रों का संघर्ष और टूटे सपनों की दास्तान: वेब सीरीज “रैंकर्स” का टीजर लॉन्च, व्यवस्था की खामियों पर कड़ा प्रहार

ENTERTAINMENT

मुंबई। मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘NEET’ केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के लिए उनके भविष्य का आधार और वर्षों का त्याग है। जब इसी परीक्षा की शुचिता पर सवाल उठते हैं और सिस्टम की खामियां छात्रों के सुनहरे सपनों को झकझोर देती हैं, तो उस पीड़ा को पर्दे पर उतारने के लिए लेखक-निर्देशक विकास फडनिस वेब सीरीज “रैंकर्स” लेकर आए हैं। मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में इस सीरीज का प्रभावशाली टीजर लॉन्च किया गया, जिसने फिल्म जगत में चर्चा छेड़ दी है।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित, लातूर पैटर्न की कहानी

‘थिंक क्रिएटिव फिल्म्स’ के बैनर तले निर्मित यह वेब सीरीज उन वास्तविक अनुभवों पर आधारित है, जिनसे होकर हर साल लाखों छात्र गुजरते हैं। टीजर में NEET पेपर लीक कांड, परीक्षा रद्द होने की विभीषिका और सफलता की अंधी दौड़ में छात्र-छात्राओं द्वारा झेले गए मानसिक व सामाजिक दबाव को बहुत ही मार्मिक और संवेदनात्मक ढंग से पेश किया गया है। इसकी पृष्ठभूमि महाराष्ट्र के लातूर में प्रचलित प्रसिद्ध ‘कोचिंग कल्चर’ और ‘लातूर पैटर्न’ पर आधारित है, जो इसे और भी प्रामाणिक बनाती है।

लाखों छात्रों के संघर्ष को एक श्रद्धांजलि

निर्देशक विकास फडनिस का मानना है कि “रैंकर्स” केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि उन लाखों संघर्षशील छात्रों को समर्पित एक भावनात्मक श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपने मेडिकल कॉलेज में दाखिले के सपने के लिए अपने बचपन और रातों की नींद तक को कुर्बान कर दिया है। यह सीरीज शिक्षा प्रणाली के उस स्याह पक्ष को उजागर करती है जिसे अक्सर मुख्यधारा में अनदेखा कर दिया जाता है।

​ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर जल्द रिलीज होने जा रही यह सीरीज शिक्षा जगत और प्रतियोगी परीक्षाओं के उस कठोर यथार्थ को सामने लाने का प्रयास करेगी, जो हर युवा के मन में एक गहरा प्रभाव छोड़ती है।

-अनिल बेदाग

Dr. Bhanu Pratap Singh