सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज़िले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन इलाके में ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर की खदान का विशाल हिस्सा अचानक धंस गया। हादसे के समय करीब 16 मजदूर खदान में काम कर रहे थे, जिनमें लगभग 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। अब तक एक शव बरामद किया गया है, जबकि अन्य मजदूरों की तलाश जारी है।
150 फीट से गिरा पहाड़ का हिस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब चार बजे ड्रिलिंग के दौरान अचानक 150 फीट से अधिक ऊंचाई से पहाड़ का बड़ा हिस्सा मजदूरों पर आ गिरा। भारी मलबे के कारण कई मजदूर दब गए। खदान में पानी भरा होने और रास्ता सही न होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं। रास्ता बनाने और मलबा हटाने के लिए भारी मशीनें लगाई गई हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
एडीजी ज़ोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने बताया, “हादसे की सूचना मिलते ही सभी राहत टीमें सक्रिय हो गई हैं। मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीमें लगातार ऑपरेशन में लगी हुई हैं।”
अधिकारियों ने कहा कि जब तक अंतिम मजदूर को बाहर नहीं निकाला जाता, राहत अभियान जारी रहेगा।
फिलहाल मौके पर परिचालन तेज कर दिया गया है और प्रशासन लगातार हालात पर नज़र रखे हुए है।
- आगरा गैस कांड: समाधिया कोल्ड स्टोर की लापरवाही ने घोंटा कुकथरी का दम, प्रशासनिक अमला रात भर रहा तैनात - March 13, 2026
- आगरा में ‘कबाड़’ बसों में बच्चों का सफर: अभिभावक संघ ने खोला मोर्चा, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन; बोले- “जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं” - March 13, 2026
- आगरा के पिनाहट में मचा हड़कंप: अमोनिया गैस की बदबू से गांव में मचा हड़कंप, डीएम और एडिशनल सीपी ने संभाली कमान - March 13, 2026