‘संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस’ पर सपा का संकल्प, आरक्षण और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार

POLITICS

​आगरा। भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था की सुरक्षा के दृढ़ संकल्प के साथ समाजवादी पार्टी (सपा) की आगरा महानगर इकाई ने ‘संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस’ एवं ‘आरक्षण दिवस’ के उपलक्ष्य में एक विशाल सभा का आयोजन किया। फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सामूहिक शपथ ली।

​संविधान देश की आत्मा: शब्बीर अब्बास

सभा को संबोधित करते हुए सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने स्पष्ट किया कि भारतीय संविधान केवल कानून की एक पुस्तक नहीं है, बल्कि यह देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि यह संविधान गरीब, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों तथा उनके आत्म-सम्मान की सबसे बड़ी गारंटी है।

अब्बास ने याद दिलाया कि भारत की आजादी हजारों शहीदों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, और डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के जरिए देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि समाजवादी पार्टी संविधान और आरक्षण को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगी।

​राष्ट्रीय दायित्व है संविधान की रक्षा

शब्बीर अब्बास ने जोर देकर कहा कि संविधान की सुरक्षा केवल किसी एक राजनीतिक दल का काम नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक देशवासी का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने वचन दिया कि समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भाईचारे की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें ताकि संविधान की मूल भावना जन-जन तक पहुंच सके और सामाजिक न्याय की लड़ाई और अधिक सशक्त हो।

​संकल्प और नारों से गूंजा जिला कार्यालय

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को और मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन के समापन पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ उठाकर भारतीय संविधान की मर्यादा, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और आरक्षण व्यवस्था की रक्षा की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान जिला कार्यालय परिसर “जय संविधान”, “बाबा साहब अमर रहें”, “आरक्षण हमारा अधिकार है” और “समाजवादी पार्टी जिंदाबाद” के नारों से गुंजायमान हो उठा।

बड़ी संख्या में जुटे सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता

इस भव्य आयोजन में पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, वरिष्ठ नेता पप्पू यादव, मजदूर सभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, पूर्व प्रत्याशी ममता टपलू, महेश सिसौदिया, देवेन्द्र यादव, संतोष पाल, बलविंदर सिंह जाटव, पवन प्रजापति, बली सेर, प्रमोद यादव, विनोद श्रोतिया, आजाद बाल्मीकि, हर्ष बंधन, ऋषि यादव, पूनम बाल्मीकि, गजेंद्र यादव, सुशील गुप्ता, राम सेवक यादव, मुजाहिद कुरैशी, इमलाक अहमद, सलमान, मुवीन उस्मानी, समीर अब्बास, साहिल सिंह, जमाल सिद्दीकी, समीर, अतुल सविता, राजा अहमद, भरत जाटव, राजेश दिवाकर और नफीस खान सहित महानगर के सभी पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष, सेक्टर व वार्ड प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh