लोकसभा में बोलीं सोनिया गांधी, सोशल मीडिया लोकतंत्र के लिए खतरा

लोकसभा में बोलीं सोनिया गांधी, सोशल मीडिया लोकतंत्र के लिए खतरा

POLITICS


कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज लोकसभा में सरकार से भारत में चुनावी राजनीति पर फेसबुक और दूसरे सोशल मीडिया कंपनियों के प्रभाव पर रोक लगाने की मांग की है। सोनिया ने कहा कि इन कंपनियों को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर किसी प्रकार का असर डालने से हमें रोकने की जरूरत है।
सोनिया गांधी ने इन विदेशी कंपनियों को लोकतंत्र के लिए खतरा करार देते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को इस पर विराम लगाना चाहिए। उन्होंने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह विषय उठाया और कुछ अंतर्राष्ट्रीय मीडिया समूहों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सत्तापक्ष की मिलीभगत के साथ सोशल मीडिया कंपनियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
सोनिया गांधी ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग लोकतंत्र को ‘हैक’ करने में किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया, ‘सत्तापक्ष की मिलीभगत से फेसबुक और दूसरे सोशल मीडिया मंचों के जरिये सामाजिक सद्भाव को जिस तरह खराब किया जा रहा है, वह हमारे लोकतंत्र के लिए खतरा है…बड़े औद्योगिक समूहों और सरकार के बीच मिलीभगत है।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘सरकार से आग्रह है कि दुनिया के सबसे लोकतंत्र की चुनावी राजनीति पर सत्ता प्रतिष्ठान के साथ मिलकर फेसबुक और दूसरे सोशल मीडिया की ओर से जो सुनियोजित प्रभाव डाला जा रहा है, उस पर विराम लगाया जाए।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि देश के लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव को बचाकर रखना है।
-एजेंसियां