आगरा। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 के अवसर पर 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाली ब्लैक आउट मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं प्रभारी नागरिक सुरक्षा, आगरा श्री यमुनाधर चौहान ने की। यह निर्देश प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा जारी किए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि ब्लैक आउट मॉक ड्रिल 23 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे पुलिस लाइन, आगरा में आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल में डीडीएमए, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, टोरण्ट पावर, शिक्षा, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की सहभागिता रहेगी।
साइरन बजते ही होगा ब्लैक आउट
मॉक ड्रिल के दौरान नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा हवाई हमले से बचाव का साइरन (ऊँची-नीची आवाज में) बजाया जाएगा। साइरन बजते ही टोरण्ट पावर द्वारा मॉक ड्रिल क्षेत्र के आसपास की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी और मौके पर मौजूद प्रतिभागी शेल्टर लेंगे। इसके बाद शाम 6:06 बजे हवाई हमला समाप्त होने का साइरन (तेज आवाज में) बजाया जाएगा, जिसके साथ ही बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी जाएगी।
आग बुझाने, रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार का अभ्यास
मॉक ड्रिल में हवाई हमले के बाद आग लगने की स्थिति का अभ्यास भी कराया जाएगा। इसमें अग्निशमन विभाग द्वारा बड़ी आग पर काबू पाया जाएगा, जबकि छोटी आगों को नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक बुझाएंगे। मौके पर घायलों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा प्राथमिक चिकित्सा दी जाएगी और गंभीर घायलों को स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस से निकटस्थ अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग, होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा आपदाकालीन बचाव विधियों के तहत क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस विभाग यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखेगा। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा निकटस्थ स्कूल के विद्यार्थियों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया जाएगा, ताकि उनमें आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़े।
जनता से अपील: घबराएं नहीं, यह सिर्फ रिहर्सल
अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री यमुनाधर चौहान ने पुलिस लाइन क्षेत्र के आसपास रहने वाले नागरिकों से अपील की कि यह मॉक ड्रिल हवाई हमले से बचाव की तैयारी मात्र है, इसलिए किसी तरह की घबराहट या अफवाह पर ध्यान न दें।
ब्लैक आउट के दौरान क्या करें, क्या न करें
बैठक में ब्लैक आउट के समय नागरिकों के लिए दिशा-निर्देश भी बताए गए।
ब्लैक आउट के दौरान घर, दुकान और कार्यालय की बाहरी लाइटें बंद करें, खिड़की-दरवाजों से आने वाली रोशनी ढकें, केवल जरूरत पर हल्की रोशनी का उपयोग करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
ब्लैक आउट में अनावश्यक रोशनी न जलाएं, मोबाइल फ्लैशलाइट/टॉर्च का बिना कारण प्रयोग न करें, वाहन चलाते समय हेडलाइट ऑन न रखें, खुले स्थान पर खड़े न हों और अफरा-तफरी से बचें।
बैठक में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मुनेश कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
- मैरून (Maroon) ने लॉन्च किया “फाइंड माय स्किन टोन” कलेक्शन; भारतीय महिलाओं के लिए ‘यूनिवर्सल बेज’ का दौर खत्म - February 14, 2026
- शिव भक्तों के लिए खुशखबरी: डाक विभाग घर पहुंचाएगा सोमनाथ और काशी विश्वनाथ का प्रसाद, जानें पूरी प्रक्रिया - February 14, 2026
- भारत बनेगा ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब: 2047 तक $169 अरब का होगा देश का फाउंड्री उद्योग - February 14, 2026