आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा श्री देवी जी मंदिर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित होने वाले 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से शुक्रवार को श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर, यमुना तट, बल्केश्वर में बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ ट्रस्टी राम कपूर, तुषार कपूर एवं अपिल कपूर ने मां महालक्ष्मी की शुक्रवार विशेष आरती के साथ किया।
बैठक में महोत्सव की तैयारियों, विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों तथा सजावट को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल, श्री देवी जी ट्रस्ट (रजिस्टर्ड) के सहयोग से 18वां श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 1 सितंबर से 5 सितंबर तक श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत हवन-पूजन, मेहंदी उत्सव, खाटू श्याम जी की भव्य भजन संध्या, निशान यात्रा, मां महालक्ष्मी का भव्य फूल बंगला सहित सभी प्रमुख आयोजन पूर्व वर्षों की तरह होंगे, लेकिन इस बार उनकी भव्यता और आकर्षण पहले से कहीं अधिक होगा।
कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल एवं महामंत्री मनोज जैन ने बताया कि महोत्सव की मुख्य आकर्षण खाटू श्याम जी की भव्य भजन संध्या के लिए इस वर्ष 40×60 फीट का विशाल मंच तैयार किया जाएगा, जिसे झूले के स्वरूप में बनाया जाएगा। मंच की सजावट वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की तर्ज पर की जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से कोलकाता से अनुभवी कारीगर बुलाए गए हैं, जो अपनी कलात्मक सज्जा से मंच को अलौकिक स्वरूप प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मां महालक्ष्मी का भव्य फूल बंगला भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। फूल बंगले की झांकी वाटिका की थीम पर तैयार की जाएगी, जिसमें मां महालक्ष्मी हरियाली और पुष्पों से सुसज्जित दिव्य वाटिका में विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन देंगी। श्रद्धालुओं को ऐसा आध्यात्मिक एवं मनोहारी वातावरण मिलेगा, जो उन्हें वृंदावन की दिव्यता का अनुभव कराएगा।
बैठक में महोत्सव की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा, सजावट एवं विभिन्न समितियों के दायित्वों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी सदस्यों ने महोत्सव को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वीरेंद्र अग्रवाल, हेमंत मोहता, आशीष गोयल, सुमित अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, पवन जैन, मनीष गुप्ता, विनोद राठौर, दिलीप बंसल, अतुल अग्रवाल, अजय अग्रवाल, मनीष गोयल, मनीष एचआर आदि उपस्थित रहे।
-up18News
- कुछ लोग जीवन भर ‘बच्चे’ ही बने रहते हैं, ‘बबुआ’ भी यही करते थे… सीएम योगी का सपा प्रमुख पर तीखा हमला, बोले- भाई-भतीजेवाद में डूबी थी पुरानी सरकारें - August 7, 2026
- आगरा में 1 सितंबर से सजेगा श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव: वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर बनेगा 40×60 फीट का विशाल झूला मंच - August 7, 2026
- आगरा के कमला नगर में सड़क में 20 फीट गहरा गड्ढा बना सवाल, सपा नेता नितिन कोहली बोले, “ताजनगरी नहीं, गड्ढा नगरी” - August 7, 2026