बीजापुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ की खबर है। घटना आज तड़के की है। सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बल जंगल में तलाशी अभियान पर निकले थे। इसी बीच नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में 12 से ज़्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। एनकाउंटर में दो जवान भी शहीद हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव से पहले सुरक्षाबलों ने यह बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर के नेशनल पार्क के जंगलों में नक्सलियों के होने की खबर मिली थी। इस पर सुरक्षा बल कार्रवाई के लिए गए थे। 9 फरवरी की सुबह नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। घंटों चली इस मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए हैं।
आईजी पी सुंदरराज ने कहा कि मारे गए नक्सलियों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है. मुठभेड़ की जगह से ऑटोमैटिक हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं. छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं. डीआरजी बीजापुर, एसटीएफ, सी-60 के जवान इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं. बीजापुर में ही 1 फरवरी, 2025 को गंगालूर इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इसमें 8 नक्सली मारे गए थे. पिछले महीने 20-21 जनवरी को छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर गरियाबंद जिले के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए थे. इनमें 90 लाख का इनामी नक्सली चलपति भी शामिल था.
बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि इस साल 1 फरवरी, 2025 तक राज्य में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में 50 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं. छत्तीसगढ़ पुलिस के मुताबिक, राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद से अब तक हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया था. बता दें कि नवंबर, 2023 में छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनी थी और विष्णु देव साय मुख्यमंत्री बने थे. उसके बाद से राज्य में नक्सल रोधी अभियान में काफी तेजी आई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च, 2026 तक राज्य को नक्सल मुक्त करने का ऐलान किया है.
इस साल 6 जनवरी को नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट करके सुरक्षा बलों की एक गाड़ी को उड़ा दिया था. इस हमले में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 8 जवानों और ड्राइवर की जान चली गई थी. गृह मंत्री अमित शाह ने इस हमले के बाद दोहराया था कि मार्च, 2026 तक भारत से नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा. आईजी सुंदरराज पी ने बताया था कि डीआरजी दंतेवाड़ा के जवान दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर में एक संयुक्त नक्सल रोधी अभियान के बाद स्कॉर्पियो में लौट रहे थे. बीजापुर जिले के बेद्रे-कुटरू रोड पर जब उनका वाहन पहुंचा तो सड़क में प्लांट आईईडी को नक्सलियों ने डेटोनेट कर दिया था. इस विस्फोट में स्कॉर्पियो में सवार सभी डीआरजी जवानों और ड्राइवर की मौत हो गई थी.
- छठ पूजा पर नाक से मांग तक क्यों लंबा सिंदूर लगाती हैं महिलाएं? जानिए इस पवित्र परंपरा का धार्मिक और वैज्ञानिक सच - November 7, 2026
- सीबीएसई ने जारी की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट; 16 फरवरी से शुरू होंगी दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं - November 6, 2026
- उत्तराखंड राज्योत्सव में गरजे अमित शाह; कहा— “राहुल गांधी ‘वोट बचाओ’ नहीं, बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा निकाल रहे हैं” - November 6, 2026