लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वे लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों और राहत विभाग को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं, ताकि राहत कार्यों में कोई कमी न रहे। इसी के साथ टीम-11 गठित कर निर्देश दिया ये मंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों में रात्रि विश्राम करेंगे।
इसमें कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को कानपुर देहात के हालात का जायजा लेना था। कानपुर देहात में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे मंत्री संजय निषाद की बेतुकी सलाह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री जी बाढ़ पीड़ितों से ‘गंगा मैया तो गंगा पुत्र का पैर धोने आती हैं और आदमी सीधा स्वर्ग जाता है’ कहते दिखाई दे रहे हैं।
भोगनीपुर क्षेत्र में गंगा नहीं यमुना नदी बहती हैं
बाढ़ प्रभावितों से मिलने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र पहुंचे थे। यहां एक गांव के लोगों ने जब उनसे कहा कि हमारे इलाके में पानी भर गया है, घर गिर गया है, अब हम कहां रहें? कहां जाएं? इस पर संजय निषाद कहते हैं- अरे भाई, गंगा मैया तो गंगा पुत्र के पैर धोने आती हैं, उनके दर्शन मात्र से गंगा पुत्र सीधा स्वर्ग जाता है। विरोधी लोग आपको उल्टा पढ़ाते हैं। मंत्री के इस बयान से बाढ़ पीड़ित हैरान रह गए। साथ ही लोगों ने दबी जुबान से कहा कि मंत्री को मालूम होना चाहिए कि भोगनीपुर क्षेत्र में गंगा नहीं बल्कि यमुना नदी बहती है।
इसी दौरान एक नेता ने एक बुजुर्ग महिला से कहा कि ये सौभाग्य की बात है कि यमुना मैया आपको दर्शन देने आती हैं। इस पर महिला ने जवाब दिया कि तो आप भी यहीं रह जाओ और हर दिन दर्शन करो।
आपको बता दें कि भारी बारिश और नदियों के उफान से भोगनीपुर के कई गांव जलमग्न हो चुके हैं। लोगों के घरों के अंदर पानी घुस चुका है। दर्जनों मवेशी बाढ़ के पानी बह गए, सैकड़ों किसानों के खेत तबाह हो गए।
हालांकि, इस दौरान मंत्री ने प्रशासन के साथ मिलकर बाढ़ के शिकार लोगों को राहत सामग्री भी बांटी। बोट से प्रभावित क्षेत्र का जायजा भी लिया। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गंगा, यमुना आदि नदियां उफान पर हैं। नदी में आई बाढ़ से सैकड़ों गांवों के लोग परेशान हैं। उनकी फसलें नष्ट हो गई हैं। घर-बाजार सब जलमग्न हो गए हैं।
साभार सहित