विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने इतिहास रच दिया है। वह लिस्ट ए क्रिकेट में एक ओवर में सात छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ मैच में 159 गेंद में नाबाद 220 रन बनाए और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। उनकी शानदार पारी के चलते महाराष्ट्र ने इस मैच में पांच विकेट खोकर 330 रन का बड़ा स्कोर बनाया।
इस मैच में जहां ऋतुराज ने 159 गेंद में 220 रन बनाए। वहीं, महाराष्ट्र के बाकी बल्लेबाजों ने 141 गेंद में 110 रन ही बनाए।
ऋतुराज ने अपनी पारी में 10 चौके और 16 छक्के लगाए। उन्होंने 138.36 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक साथ कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। लिस्ट ए क्रिकेट में यह ऋतुराज का पहला दोहरा शतक था। वह 11वें भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया है। वह लिस्ट ए क्रिकेट में एक ओवर में सात छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी ऋतुराज संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं।
महाराष्ट्र की पारी के 49वें ओवर में कुल 43 रन आए। इनमें से 42 रन ऋतुराज के बल्ले से आए।
महाराष्ट्र के लिए ऋतुराज के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। बावने और अजीम काजी दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। दोनों ने 35 रन बनाए। बावने ने इसके लिए 54 तो आजीम ने 42 गेंदें लीं।
उत्तर प्रदेश के लिए कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, राजपूत और शिवम शर्मा को एक-एक विकेट मिले। ऋतुराज से एक ओवर में सात छक्के खाने वाले शिवा सिंह ने अपने नौ ओवर में कुल 88 रन लुटा दिए।
- त्योहारी सीजन में डिजिटल पेमेंट करने वालों को बड़ी राहत, यूपीआई पर MDR लागू करने का फैसला फिलहाल टला - October 13, 2026
- कोलकाता में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बदसलूकी: कालीघाट दुर्गा पंडाल उद्घाटन के दौरान महिला ने की हमले की कोशिश - October 13, 2026
- मोदी कैबिनेट से एल मुरुगन का इस्तीफा: केंद्रीय राज्यमंत्री और राज्यसभा सदस्यता पद छोड़ संगठन में लौटे - October 13, 2026