Live Story Time
Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat. शास्त्रीपुरम, निखिल एनक्लेव, दहतोरा, द्वारिकापुरी, भावना अरोमा और इनसे लगी 32 कॉलोनियों में जलभराव की समस्या है। बारिश होते ही सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं। फिर घरों में पानी घुस जाता है। इस समस्या का तात्कालिक समाधान कच्चा नाला है। इसी मांग को लेकर शास्त्रीपुरम जनसेवा समिति आगरा पंजीकृत द्वारा अवंतीबाई चौराहा, शास्त्रीपुरम पर धरना दिया जा रहा है। 16 सितंबर को धरना के दूसरे दिन बाजार पूरी तरह बंद है। जनता में भारी आक्रोश है।
इस बीच वार्ड 90 राममोहन नगर की पार्षद प्रवीणा राजावत ने कहा है कि वे धरना में शामिल नहीं हैं। हां, शास्त्रीपुरम की जन समस्या को लेकर नगर निगम अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही हैं। 15 सितंबर के नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सतेंद्र कुमार और जोनल अधिकारी श्री वालियान को लेकर आई थीं। उन्हें मौके पर ले जाकर समस्या से अवगत कराया था। समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कराई थी। इसका अर्थ यह नहीं है कि वे धरना दे रही हैं।

15 सितंबर को शास्त्रीपुरम जनसेवा समिति केअध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह, सचिव डॉ. लाखन सिंह के नेतृत्व में देवेंद्र सिंह परमार, किशन सिंह चाहर, सुनील शर्मा, मनोज शर्मा, संदीप सिंह आदि ने ढोल के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। सबसे आग्रह किया कि समस्या का समाधान कराने के लिए आगे आएं। सभी ने हर तरह के सहयोग का आश्वासन दिया। फिर सभी ने स्वप्रेरणा से बाजार बंद कर दिया। कुछ ठेलवालों को समझाना पड़ा।

धरना शुरू होते ही जिलाधिकारी आगरा के पूर्व ओएसडी दिनेश कुमार वर्मा सारथी और मेघसिंह यादव एडवोकेट आ गए। उन्होंने शास्त्रीपुरम में जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए समाधान की मांग की। निखिल एनक्लेव एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएम सिंह भदौरिया तो अपनी पूरी टीम के साथ धरना दे रहे हैं। दहतोरा से बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं।

मीडिया प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि राजकिशोर सिंह परमार, मनोज कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव राजवीर सिंह, संगठन मंत्री अजय सिकरवार, जगदीश सोलंकी, संगठन सचिव सुनील शर्मा, सुभाष राठौर, मुन्नालाल राजपूत, शुभम पिप्पल, रामवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, अंकुर जैन, राजीव ओबराय धरना प्रदर्शन की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं।
- परिषदीय स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता सुधारने के लिए यूपी सरकार का बड़ा कदम, अब होगी भोजन की अनिवार्य लैब टेस्टिंग - August 16, 2026
- आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना: घरेलू कलह के चलते कलयुगी पिता ने 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंका, सर्च ऑपरेशन जारी - August 16, 2026
- महिलाओं को 50 हजार रुपये देने की चर्चाओं पर अखिलेश का भाजपा सरकार पर तंज, बोले- ‘जो डेढ़ हजार नहीं दे पाए, वे 50 हजार क्या देंगे?’ - August 16, 2026