बेटी मालती मैरी और पति निक जोनस के साथ रामलला के दर्शन को अयोध्या पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा

ENTERTAINMENT

प्रियंका चोपड़ा बेटी मालती मैरी और पति निक जोनस इस वक्त इंडिया में हैं और रामलला के दर्शन के अयोध्या के मंदिर पहुंचीं। एक्ट्रेस भारी सुरक्षा के बीच बुधवार, 20 मार्च को अयोध्या पहुंचीं। वहां उन्होंने पति और बेटी संग रामलला के दर्शन किए और माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान फैंस की भी भारी भीड़ मौजूद थी। जहां प्रियंका ने पीले रंग की साड़ी पहनी थी, वहीं निक जोनस कुर्ता पहने नजर आए। साथ में प्रियंका की मां मधु चोपड़ा भी थीं।

प्रियंका चोपड़ा का वीडियो सामने आया है, जिसे ‘एएनआई’ ने शेयर किया है। इसमें प्रियंका और निक जोनस बेटी मालती के साथ अयोध्या एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं। अयोध्या पहुंचने के बाद प्रियंका और निक ने सीधे मंदिर में जाकर रामलला के दर्शन किए, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।

माथे पर टीका, भगवा वस्त्र

प्रियंका ने बेटी के लिए भी रामलला से आशीर्वाद लिया और रोली का टीका लगवाया। मंदिर में प्रियंका और निक जोनस को भगवा रंग का वस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया गया।

22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा में नहीं आ पाई थीं प्रियंका

मालूम हो कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को हुई थी, जिसमें बॉलीवुड से लेकर साउथ और बिजनेस व खेल जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं। हालांकि तब प्रियंका इसमें शामिल नहीं हो पाई थीं। बॉलीवुड से अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान समेत कई सितारे शामिल हुए थे।

इंडिया में होली मनाएंगी प्रियंका चोपड़ा?

लेकिन जब मधु चोपड़ा अनंत अंबानी और राधिका के प्री-वेडिंग समारोह में शामिल हुईं, तो पपाराजी द्वारा पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि प्रियंका जल्द इंडिया आएंगी। प्रियंका चोपड़ा कुछ दिन पहले ही इंडिया आ गई थीं और फिर सोमवार, 18 मार्च को निक जोनस भी इंडिया आ गए। निक के आने पर फैंस चर्चा करने लगे कि शायद निक और प्रियंका इस बार बेटी के साथ होली इंडिया में मनाएंगे।

काम के सिलसिले में मुंबई में प्रियंका चोपड़ा

मालूम हो कि प्रियंका चोपड़ा काम के सिलसिले में इंडिया आई हैं। हाल ही उन्होंने मुंबई में एक जूलरी कंपनी का स्टोर लॉन्च किया था। इसके बाद हाल ही अमेजन प्राइम वीडियो इंडिया के इवेंट में उन्होंने अपनी डॉक्यूमेंट्री Women of My Billion अनाउंस की थी, जिसे इस OTT प्लेटफॉर्म पर भी दिखाया जाएगा। यही नहीं, वह फरहान अख्तर की पार्टी में भी नजर आईं। इन कामों से फारिग होने के बाद प्रियंका चोपड़ा परिवार के साथ 20 मार्च को अयोध्या पहुंचीं और राम लला के दर्शन किए।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh