Abu Road, Sirohi, Rajasthan, India. भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर आबू रोड-माउंट आबू पहुंचीं। दौरे के दूसरे दिन बुधवार को माउंट आबू में ब्रह्माकुमारी संस्थान के ज्ञान सरोवर अकादमी में ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 3.30 बजे उठी और करीब 4.30 बजे तक मेडिटेशन किया। राष्ट्रपति ने मेडिटेशन के बाद सुबह 7 बजे आध्यात्मिक सत्संग (मुरली क्लास) में भाग लिया, जो 7.45 बजे तक चली।
इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि मुझे ऐसा महसूस होता है मुश्किलों के दौर में परमात्मा मेरी मदद करता है। जीवन में उतार-चढ़ाव के दौर में परमात्मा ने कभी कमजोर महसूस नहीं पडऩे दिया। आपको जीवन में समय से पहले कुछ नहीं मिलता है। समय आने पर सब मिलता है। आज भी पहले की तरह रोज मेडिटेशन के साथ ही सुबह की शुरुआत होती है। अपने दो दिन के प्रवास के दौरान राष्ट्रपति ने ध्यान-साधना, एकांत और सात्विक भोजन को विशेष तरजीह दी।
इसके बाद राष्ट्रपति नाश्ते के बाद सुबह 10 बजे संस्थान के पांडव भवन परिसर पहुंचीं। जहां ब्रह्मा बाबा के समाधि स्थल शांति स्तंभ पर पहुँचकर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही मेडिटेशन रूम, बाबा की कुटिया, बाबा के कमरे में पहुँचकर एकांत में कुछ देर शिव बाबा का ध्यान किया। हिस्ट्री हॉल में संस्थान के इतिहास को जाना। पांडव भवन में अवलोकन के बाद राष्ट्रपति वापस ज्ञान सरोवर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। दोपहर में राष्ट्रपति वायुसेना के विशेष विमान से मानपुर हवाई पट्टी से प्रस्थान कर गईं।

बता दें कि इस वर्ष संस्थान की ओर से कल्पतरु अभियान चलाया गया था। जिसके तहत देशभर में दस लाख से अधिक पौधे रोपे गए। वहीं शाम को संस्थान के वरिष्ठ भाई बहनों से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय भाई ने संस्थान की सामाजिक सेवाओं के बारे में बताया। वहीं कल्पतरुह अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर ज्ञान सरोवर की निदेशिका बीके डॉ. निर्मला दीदी, कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय, ब्रह्माकुमारीज की संयुक्त मुख्य प्रशासिका बीके शशि दीदी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके शीलू दीदी, मीडिया निदेशक बीके करुणा भाई भी मौजूद रहे।
राजयोग व अध्यात्म शक्ति ने मुझे अंधकारमय जीवन से बाहर निकाला
इससे पहले तीन जनवरी को राष्ट्रपति श्रीमति द्रोपदी मुर्मू ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान के शांतिवन में आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर थीम के तहत आध्यात्मिक सशक्तिकरण से स्वर्णिम भारत का उदय सम्मेलन को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान के विभिन्न सेवाकेन्द्रों पर जो अध्यात्म शक्ति प्राप्त होती है उसका ज्वलंत उदाहरण यह है कि एक समय में मैं स्वयं अंधकारमय जीवन की ओर अग्रसर हो गयी थी। मेडिटेशन और ध्यान योग के माध्यम से मुख्य धारा में लौटी।
राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व में अनेक संस्थान कार्यरत है लेकिन ब्रह्माकुमारीज एक ऐसा संस्थान है जो बहनों द्वारा संचालित की जाती है। संस्थान में वरिष्ठ भाईयों द्वारा पीछे से सहयोग किया जाता है। ब्रह्माकुमारीज संस्थान की सफलता यह सिद्ध करती है कि अवसर मिलने पर महिलायें पुरुषों से बेहतर कार्य कर सकती है। उन्होंने कहा कि एक आध्यात्मिक संस्था के रूप में केवल ब्रह्माकुमारीज ही नहीं ऐसी कई संस्थाएं इस दिशा में आगे बढ़ रही हैं। आज यहां संस्थान विश्व के 137 देशों में पांच हजार सेवाकेंद्रों का संचालन कर रही है। इसके संचालन में महिलाओं की अग्रणी भूमिका होती है। भाई इस कार्य में सहायता करते हैं। यह संस्थान महिलाओं द्वारा संचालित विश्व का सबसे बड़ा संस्थान है।

इस अवसर पर बालिका शिक्षा एवं महिला अत्याचार पर भी अपना संक्षिप्त उदबोधन दिया। भारत को सुपर पावर बनाने के लिए अध्यात्म और विज्ञान का सहयोग जरूरी है। आज हमारा देश अपनी रक्षा के साथ पूरे विश्व में शांति के लिए प्रयास कर रहा है। मै तो पिछले साल सितम्बर में आने वाली थी परन्तु नही आयी। अभी बाबा ने मुझे बुलाया और मैं आयी हूँ। मैं ब्रह्मा बाबा को नमन करती हूं और धन्यवाद देती हूं कि महिलाओं को पूरे विश्व में शांति और शक्ति प्रदान करने के लिए उनके सिर पर कलश रखा है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि युद्ध और कलह के वातावरण में विश्व समुदाय समाधान के लिए भारत की ओर देख रहा है। हमें कलियुग की मानसिकता को खत्म करना होगा और सतयुग की मानसिकता का आह्वान करना होगा। इसके लिए हम सबको मन में सत्वगुण को अपनाने का प्रयास करना होगा। दया और करुणा की भावना भारतवासियों के जीवन मूल्यों में है। माउंट आबू से शुरू हुआ ये अभियान समस्त भारतवासियों को सशक्त बनाने और समाज को सशक्त बनाने में संबल प्रदान करे।
प्रत्येक मनुष्य शांति के लिए प्रयास कर रहा

राष्ट्रपति ने कहा कि इस धरती पर प्रत्येक मनुष्य मानसिक शांति के लिए प्रयास कर रहे हैं चाहे वो किसी देश, जाति, संप्रदाय के हों। शांति भी भोजन की तरह आवश्यक है। ब्रम्हाकुमारीज शांति और आनंद के लिए मार्ग प्रशस्त कर रही है। आध्यात्म ही वो प्रकाश पुंज है जो पूरी मानवता को सही राह दिखा सकता है। मेरा मानना है कि अमृत काल में 2047 के स्वर्णिम भारत के लिए आगे बढ़ते हुए हमारे देश को विश्व शांति के लिए विज्ञान और आध्यात्म दोनों का उपयोग करना होगा। हमारा लक्ष्य है कि भारत एक नॉलेज सुपर पावर बने। हमारी आकांक्षा है कि इस नॉलेज का उपयोग सस्टेनेबल डवलवमेंट के लिए हो। सौहार्द्र, महिलाओं और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए हो, युवाओं के विकास, विश्व में स्थाई शांति की स्थापना के लिए हो।
भारत शांतिदूत की भूमिका निभा रहा है
उन्होंने कहा कि भारत इस समय जी -21 की अध्यक्षता कर रहा है, जिसका थीम है वसुधैव कुटुम्बकम यानी वन अर्थ वन फैमिली, वन फ्यूचर। अपनी संस्कृति के आधार पर हमारा देश आध्यात्मिक और नैतिकता के निर्माण के लिए सक्रिय है। भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, आदि शंकराचार्य और संत कबीर, महात्मा गांधीजी की शिक्षाओं ने पूरे विश्व को प्रभावित किया है। ब्रह्मा बाबा ने जिस सोच के साथ महिलाओं को अग्रणी भूमिका दी इसी तरह विश्व समुदाय को आवश्यकता है कि महिलाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है। अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के साथ-साथ भारत शांति के अग्रदूत की भी भूमिका निभा रहा है। माउंट आबू से शुरू यह क्रांति देश के लोगों को आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाएगा। माउंट आबू से जाकर बहनों ने पूरे विश्व में लोगों के अंदर विराजित शक्ति को पहचानने, सशक्त बनाने, ज्ञान देने और जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज संस्थान की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मुन्नी, अतिरिक्त महासचिव बीके बृजमोहन, बीके करूणा, बीके मृत्युंजय, बीक सुषमा ने भी संबोधित किया। मानपुर एअर स्ट्रिप पर पहुंचने पर सांसद देवजी पटेल, राज्य सरकार के प्रतिनिधि शिक्षा, साहित्य, पुरातत्व एवं कला मंत्री डॉ बीडी कल्ला, विधायक संयम लोढ़ा, जगसीराम कोली, समाराम गरासिया समेत कई लोगों ने स्वागत किया।
- Agra News: भदावर परिवार पर अभद्र टिप्पणी, समर्थकों ने बाह कोतवाली में दर्ज करवाया मुकदमा - March 3, 2025
- Agra News: पलक झपकाते ही चुरा लेते दोपहिया वाहन, काटकर बेच देते थे उसके पार्ट्स, गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार - March 3, 2025
- Agra News: सिंहवाहिनी संस्था ने अपनी सदस्याओं को दिखाई छावा फिल्म - March 3, 2025