आगरा: जनकपुरी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से जनकपुरी आयोजन समिति ने तैयारियों को गति देते हुए बुधवार को क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया । आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी तथा समिति के पदाधिकारियों ने के.के. नगर, शिवा कुंज, विनायक नगर, पुरुषोत्तम दास सावित्री देवी कैंसर हॉस्पिटल से भावना एस्टेट की ओर आने वाली मुख्य रोड, गणपति आशियाना आवासीय परिसर के चारों तरफ की रोड, महर्षि पुरम से होली पब्लिक स्कूल की तरफ आने वाली मुख्य रोड, नेशनल हाईवे बुलेट अड्डा से महर्षि पुरम की ओर आने वाली मुख्य रोड, सहित समूचे प्रस्तावित जनकपुरी क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर विकास कार्यों का विस्तृत आकलन किया ।
निरीक्षण के दौरान सड़कों की स्थिति, नालियों एवं नालों की सफाई, पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) व्यवस्था, जल निकासी, स्थानीय स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया । समिति ने उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां तत्काल विकास कार्य कराए जाने आवश्यक हैं, ताकि महोत्सव से पूर्व संपूर्ण क्षेत्र आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप में विकसित हो सके ।
आयोजन समिति के अनुसार जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र के बहुआयामी विकास का माध्यम है । महोत्सव के अंतर्गत नई सड़कों का निर्माण, जर्जर मार्गों की मरम्मत, नई नालियों का निर्माण, नालों की सफाई, एलईडी स्ट्रीट लाइटों की स्थापना, विद्युत व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, पेयजल एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार, विशेष स्वच्छता अभियान, चौराहों एवं प्रमुख मार्गों का सौंदर्यीकरण, पार्कों का सौंदर्यीकरण, दिशा-सूचक बोर्ड, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने जैसे अनेक जनहितकारी कार्य कराए जाएंगे ।
आयोजन समिति का मानना है कि इन विकास कार्यों का लाभ केवल जनकपुरी महोत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वर्षों तक क्षेत्रवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी । इससे क्षेत्र की स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा, सौंदर्य एवं नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और आमजन के जीवन स्तर पर प्रत्यक्ष रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा ।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के साथ अरविंद शर्मा, संतोष कटारा, संजय गोयल, मनोज बंसल, राणा सुशील सिंह, नरेंद्र शर्मा, डॉ. अवीजीत कुमार अवस्थी, प्रभाकर शर्मा, स्वामीनाथ तिवारी, डॉ. संजीव चौहान, भूपेंद्र, निमित्त पोरवाल, शिवा यादव एवं ठाकुर सतीश जादौन सहित समिति के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे ।
आयोजन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से जनकपुरी महोत्सव 2026 न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से ऐतिहासिक होगा, बल्कि विकास कार्यों के माध्यम से यह क्षेत्र के लिए एक नई पहचान स्थापित करेगा और भविष्य में भी जनसुविधाओं का स्थायी आधार बनेगा ।
- साइबर ठगी का नया पैंतरा: वॉट्सएप पर फर्जी बैंकिंग ट्रांजैक्शन मैसेज भेजकर डरा रहे अपराधी, YES/NO’ वाले संदेशों से रहें पूरी तरह सावधान - September 24, 2026
- रायबरेली से अखिलेश यादव का मिशन-2027 का शंखनाद: पीडीए रथयात्रा के आगाज के साथ भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- गठबंधन के साथ लड़ेंगे यूपी का चुनाव - September 24, 2026
- आगरा विकास प्राधिकरण का सख्त रुख: नवागत उपाध्यक्ष ने ग्रेटर आगरा और अटलपुरम टाउनशिप का किया औचक निरीक्षण, धीमे काम पर जताई नाराजगी - September 24, 2026