आगरा। शून्य से पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों में डायरिया (दस्त) से होने वाली मौतों को शून्य पर लाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह कमर कस चुका है। मंगलवार को अपर निदेशक चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय के सभागार में ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत एक मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पी.एस.आई. इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से हुई इस बैठक में आगरा मंडल के चारों जिलों—आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अपर निदेशक ने दिए सख्त निर्देश
अपर निदेशक डॉ. मंजू सचान ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट कहा कि डायरिया का उपचार पूरी तरह संभव है, बस सतर्कता की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी केंद्रों पर ओआरएस (ORS) और जिंक की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, “यदि बच्चा दिन में तीन या उससे अधिक बार दस्त करे, तो उसे तत्काल ओआरएस का घोल दें ताकि शरीर में पानी और नमक की कमी न हो, और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।” उन्होंने ‘डायरिया रोको अभियान 2026’ की गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
एचएमआईएस रिपोर्टिंग और मूल्यांकन पर जोर
बैठक में संयुक्त निदेशक डॉ. नीरज त्यागी ने हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) की रिपोर्ट की गहन समीक्षा की और ऑपरेटरों को डाटा सटीकता बनाए रखने के निर्देश दिए। डिवीज़नल कार्यक्रम प्रबन्धक पवन कुमार और अर्बन हेल्थ सलाहकारों ने सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधकों से कहा कि डायरिया के हर एक केस की रिपोर्टिंग करना अनिवार्य है ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार
पी.एस.आई. इंडिया के सीनियर मैनेजर प्रोग्राम अनिल द्विवेदी ने बताया कि मण्डल के आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में आशा, आशा संगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि ‘स्टॉप डायरिया कैंपेन’ के दौरान ई-रिक्शा के माध्यम से आम जनता को डायरिया से बचाव और प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा सरकारी और निजी अस्पतालों में बने ओआरएस कॉर्नर की स्थिति और कार्यप्रणाली का डाटा भी बैठक में साझा किया गया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
समीक्षा बैठक में आगरा के अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार, डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, नगरीय स्वास्थ्य समन्वयक आकाश गौतम, मथुरा से जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहिताश सिंह, फिरोजाबाद के डीपीएम भानु प्रताप, मैनपुरी के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी और पी.एस.आई. इंडिया की टीम से राजेश कुमार प्रजापति, अजय कुमार और पंकज कुमार आदि उपस्थित रहे। यह बैठक आगामी मानसून सीजन में बच्चों को डायरिया से बचाने की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम मानी जा रही है।
- आगरा में साइबर ठगी का अनोखा मामला: महज 12 रुपये का बकाया बिल चुकाने का झांसा देकर ठगों ने खाते से उड़ाए 28.19 लाख रुपये - September 23, 2026
- आगरा नगर निगम में सियासी संग्राम: शौचालय निर्माण का प्रस्ताव अटकाने से नाराज भाजपा पार्षद सुनील करमचंदानी ने नगर आयुक्त के चैंबर में दिया धरना - September 23, 2026
- आगरा में स्ट्रैची ब्रिज के पास दर्दनाक हादसा: गहरे गड्ढे में पैर फंसने से यमुना में डूबा शख्स, एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव - September 23, 2026