आगरा: ताजनगरी आगरा से मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और व्यापारिक केंद्रों—उज्जैन और इंदौर—के बीच हाई-स्पीड रेल सेवा शुरू करने की मांग तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस मार्ग पर आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने का विशेष अनुरोध किया है। सांसद का तर्क है कि इससे न केवल शिवभक्तों को सुविधा होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा।
बाबा महाकाल के प्रति अगाध आस्था
सांसद नवीन जैन ने अपने पत्र में प्रमुखता से उल्लेख किया है कि आगरा और ब्रज क्षेत्र में शिवभक्तों की एक बड़ी आबादी निवास करती है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आगरा से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु प्रस्थान करते हैं। वर्तमान में इस रूट पर कोई तेज और सुविधाजनक सीधी रेल सेवा न होने के कारण यात्रियों को समय और लंबी यात्रा की भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
धार्मिक यात्रा के साथ व्यापारिक जुड़ाव
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि आगरा, इंदौर और उज्जैन के बीच केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक और सामाजिक संबंध भी काफी मजबूत हैं। इन शहरों के बीच व्यापारियों और पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन शुरू होने से यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रस्तावित समय सारिणी: सुबह जाना, शाम को आना
सांसद नवीन जैन ने पत्र में एक व्यावहारिक सुझाव भी दिया है। उन्होंने मांग की है कि यह वंदे भारत ट्रेन प्रातःकाल आगरा से इंदौर के लिए रवाना हो। सायंकाल इंदौर से वापस आगरा के लिए अपनी सेवा संचालित करे। इस शेड्यूल से उन यात्रियों और श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो कम समय में अपनी यात्रा पूरी करना चाहते हैं।
पर्यटन और विकास को मिलेगा प्रोत्साहन
नवीन जैन का मानना है कि इस नई ट्रेन सेवा से आगरा (जो खुद एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है) और मध्य प्रदेश के इन ऐतिहासिक शहरों के बीच पर्यटन सर्किट और मजबूत होगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि केंद्र सरकार जनहित और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
- देश की सुरक्षा से खिलवाड़: इंडियन नेवी का लांस नायक ISI के लिए कर रहा था जासूसी, यूपी ATS ने दबोचा - March 10, 2026
- आगरा में ‘सब्जी के राजा’ की बेकदरी: लागत 12 रुपये और मिल रहे सिर्फ 6, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को किसानों ने सौंपा ज्ञापन - March 10, 2026
- आगरा में ‘सब्जी के राजा’ की बेकदरी: लागत 12 रुपये और मिल रहे सिर्फ 6, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को किसानों ने सौंपा ज्ञापन - March 10, 2026