साउथ के सुपरस्टार प्रभास काफी समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘आदिपुरुष’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। अब खबर आ रही है कि प्रभास की यह फिल्म उनकी ‘बाहुबली’ फ्रैंचाइजी से भी ज्यादा के बजट में बनाई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स ने ‘आदिपुरुष’ को 500 करोड़ रुपए के बजट में बनाने का फैसला किया है।
भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक
‘आदिपुरुष’ प्रभास के करियर में अब तक की सबसे महंगी फिल्म बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। आदिपुरुष से पहले प्रभास की ‘बाहुबली-2’ 250 करोड़ और ‘बाहुबली-1’ 180 करोड़ रुपए के बजट में बनी थी। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने फिल्म के बजट को लेकर कन्फर्मेशन भी दे दिया है। अब ‘आदिपुरुष’ भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक भी बन गई है।
भूषण कुमार ने कहा, “आदिपुरुष 500 करोड़ रुपए के बजट में बन रही है। उम्मीद है कि इस फिल्म की ओपनिंग बेहद शानदार होगी और इसके दुनियाभर में शोज हाउसफुल जाएंगे इसलिए हम इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। हम जानते हैं कि लोग इसे बजट तय होने के बाद देखने आएंगे क्योंकि यह अपनी तरह की एक अनूठी फिल्म होने वाली है। हम इस फिल्म को भारी बजट में बना रहे हैं।”
डायरेक्टर ओम राउत ने कहा, “मैंने अपनी क्षमता के अनुसार प्रभु राम को समझने की कोशिश की है और मैं जीवन भर समझता रहूंगा। मेरी जानकारी में आंखें दिल का प्रतिबिंब होती हैं और प्रभास इतनी शुद्ध आत्मा हैं कि उनकी आंखें बहुत शांत हैं। उनकी आंखों से मैं प्रभु राम की अपनी कल्पना के सबसे करीब पहुंचा। हर बार जब मैं उन्हें देखता हूं तो उनकी आत्मा आंखों से ही दिखती है और यह अत्यंत शुद्ध है।”
12 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
ओम राउत के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म ‘रामायण’ का एडेप्टेशन है। इस फिल्म में प्रभास भगवान श्री राम के रूप में दिखाई देंगे। प्रभास के अलावा फिल्म में सैफ अली खान, कृति सेनन और सनी सिंह भी लीड रोल में हैं। कृति सेनन माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। मेकर्स इस फिल्म को 12 जनवरी 2023 में दुनियाभर में 20 हजार से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज करेंगे। अगर ऐसा होता है, तो यह अब तक भारतीय सिनेमा की किसी फिल्म को मिली सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड रिलीज होगी।
-एजेंसियां
- 30 लाख दीयों की रोशनी से नहाई रामनगरी: सरयू के 56 घाटों पर उतरा उजाले का समंदर, उपराष्ट्रपति और सीएम योगी रहे मौजूद - November 8, 2026
- अयोध्या रामपथ पर जीवंत हुआ त्रेतायुग: 10वें दीपोत्सव की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, ढोल-नगाड़ों की गूंज से गूंज उठा धाम - November 8, 2026
- “मुख्यमंत्री योगी के कारण सुरक्षित हैं हिंदू धर्म और संस्कृति…”: अयोध्या के संतों ने की सीएम के विकास कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना - November 8, 2026